Opertion Sindoor पर राजनाथ सिंह ने किया बड़ा खुलासा, कहा- हम लंबी जंग के लिए तैयार थे
punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 02:18 PM (IST)
नेशनल डेस्क: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' को अपनी शर्तों पर और स्वेच्छा से रोका था, न कि किसी दबाव में। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय सेना पाकिस्तान के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार थी और आज भी हमारी सैन्य क्षमताएं पहले से कहीं अधिक मजबूत हैं। एएनआई (ANI) नेशनल सिक्योरिटी समिट 2.0 को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को "अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद का केंद्र" (Epicenter of International Terrorism) करार दिया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद की वैचारिक और राजनीतिक जड़ों को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।
नए भारत की बदलती सोच है ऑपरेशन सिंदूर
पिछले साल पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले के जवाब में भारत ने 7 मई, 2025 को 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया था। रक्षा मंत्री ने इसे "नए विश्व व्यवस्था का प्रतीक" बताया। इस ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओजेके (PoJK) में लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन के 9 प्रमुख लॉन्च पैड्स को तबाह कर दिया था। इस सैन्य कार्रवाई में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए थे। जब पाकिस्तान ने ड्रोन और गोलाबारी से जवाब दिया, तो भारत ने लाहौर और गुजरांवाला के पास स्थित उनके रडार इंस्टॉलेशन को नष्ट कर दिया।

परमाणु हमले की धमकी महज एक झांसा
रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत अब पुरानी सोच से बाहर निकल चुका है। उन्होंने कहा कि "हमें परमाणु हमले की धमकी देकर डराने की कोशिश की गई, लेकिन भारत इस 'ब्लफ' (झांसे) में नहीं आया। हमारी सरकार की 'जीरो टॉलरेंस पॉलिसी' साफ है—आतंकवाद को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"

आतंकवाद के 'रावण' की नाभि पर प्रहार
राजनाथ सिंह ने आतंकवाद के तीन आयामों ऑपरेशनल, वैचारिक और राजनीतिक पर चर्चा की। उन्होंने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि आतंकवाद का असली पता उसकी वैचारिक और राजनीतिक जड़ें हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को मिलने वाला राजनीतिक संरक्षण रावण की नाभि में मौजूद अमृत की तरह है, जिससे एक सिर कटने पर दूसरा पैदा हो जाता है। इस नाभि को सुखाना अनिवार्य है। रक्षा मंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भारत आज पूरी दुनिया में 'इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी' (IT) के लिए जाना जाता है, जबकि पाकिस्तान 'इंटरनेशनल टेररिज्म' (IT) का केंद्र बन चुका है।
