किसे मिलेगी Sunjay Kapur की विदेश में मौजूद करोड़ों की संपत्ति? ट्रांसफर को लेकर उठे बड़े सवाल, जानिए क्या कहता है कानून?

punjabkesari.in Friday, Jun 20, 2025 - 02:52 PM (IST)

नेशनल डेस्क। बिजनेस और मनोरंजन जगत दोनों को झटका देते हुए अभिनेत्री करिश्मा कपूर के एक्स-पति और अरबपति बिजनेसमैन संजय कपूर का बीते दिनों निधन हो गया था। संजय कपूर दुनिया की टॉप ऑटो पार्ट्स कंपनियों में से एक के प्रमुख थे। उनके निधन के बाद से ही उनकी विशाल संपत्ति और कारोबार के भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर अब इसका वारिस कौन होगा और यह किसके हाथ में जाएगी। 

बता दें कि संजय कपूर ने साल 2015 में अपने पिता के निधन के बाद यह कारोबार संभाला था और अपनी मेहनत से कंपनी को बुलंदियों पर पहुंचाया था। अब चर्चा इस बात की है कि उनके इस बड़े बिजनेस और विदेशों में मौजूद उनकी संपत्तियों का क्या होगा। आइए जानते हैं इस पर कानून क्या कहता है।

संजय कपूर की कुल संपत्ति और उसका प्रबंधन

रिपोर्ट के अनुसार संजय कपूर के निधन के समय उनकी कुल नेट वर्थ 1.2 बिलियन डॉलर (लगभग 10,300 करोड़ रुपये) थी। साल 2022 और 2024 के बीच उनकी संपत्ति अपने चरम पर थी जो 1.6 बिलियन डॉलर (लगभग 13,000 करोड़ रुपये) तक पहुंच गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक संजय कपूर की संपत्ति का सारा प्रबंधन अब उनकी वर्तमान पत्नी प्रिया सचदेव को सौंपा जाएगा।

बच्चों का भविष्य और संपत्ति का बंटवारा

संजय कपूर के तीन बच्चे हैं। उनकी दूसरी पत्नी करिश्मा कपूर से दो बच्चे समायरा और कियान हैं। वहीं तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव से उन्हें एक छोटा बेटा अजरियास है जो अभी सिर्फ छह साल का है। फिलहाल इन बच्चों में से कोई भी उनकी कंपनी का सीधा हिस्सा नहीं है इसलिए कंपनी का मालिकाना हक सीधे तौर पर किसी एक बच्चे के हाथ में नहीं जाएगा।

रिपोर्ट्स के अनुसार संजय कपूर ने करिश्मा कपूर के बच्चों, समायरा और कियान को पहले ही 14 करोड़ रुपये के बॉन्ड गिफ्ट किए थे। इसके अलावा दोनों को 10-10 लाख रुपये की मासिक आय भी मिलेगी। कंपनी का कामकाज फिलहाल मौजूदा बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स देखेगा। हालांकि भविष्य में इस संपत्ति और कारोबार को लेकर कानूनी विवाद की संभावना भी जताई जा रही है।

विदेशी संपत्ति पर क्या कहता है कानून?

कानून के अनुसार यदि किसी व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है तो उसकी विदेशी संपत्ति का बंटवारा उसकी वसीयत (Will) के अनुसार होता है। यदि मृतक ने कोई वसीयत नहीं छोड़ी है तो संबंधित देश के उत्तराधिकार कानून के अनुसार जो भी वैध उत्तराधिकारी होता है उसे विदेशी संपत्ति दे दी जाती है। यह पूरी प्रक्रिया उस देश के कानूनों द्वारा निर्धारित होती है जहाँ वह संपत्ति स्थित है।

संजय कपूर के निधन ने उनके परिवार और उनके विशाल कारोबारी साम्राज्य के भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं जिनका जवाब आने वाले समय में ही मिल पाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News