दिल्ली विधानसभा चुनाव : 5 फरवरी को क्या रहेगा खुला और क्या बंद, जानिए पूरी जानकारी
punjabkesari.in Monday, Feb 03, 2025 - 09:22 PM (IST)
नेशनल डेस्क : दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव होंगे, जिसमें 70 विधानसभा सीटों पर वोटिंग एक ही चरण में होगी। इस चुनाव में बीजेपी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच कड़ी टक्कर होगी। दिल्ली चुनाव के मद्देनजर कई तैयारियां की गई हैं। चुनाव के परिणाम 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। इस दिन स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। आइये जानते हैं चुनाव के दिन क्या खुलेगा और क्या बंद रहेगा।
दिल्ली सरकार ने चुनाव के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। हालांकि, जरूरी सेवाएं जैसे मेट्रो और डीटीसी बसें सामान्य रूप से चलेंगी। मेट्रो सुबह 4 बजे से सेवा शुरू कर देगी, और डीटीसी बसें अपने तय समय पर चलती रहेंगी।
क्या रहेगा बंद?
5 फरवरी को सभी सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे ताकि सरकारी कर्मचारी मतदान में भाग ले सकें। इसके अलावा, सभी स्कूल और कॉलेज भी बंद रहेंगे, क्योंकि इन्हें मतदान केंद्र के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। कुछ स्कूलों में एक दिन पहले छुट्टी भी दी जा सकती है।
इसके साथ ही, बैंक भी बंद रहेंगे और दिल्ली के प्रमुख बाजारों जैसे कमला नगर, कनाॅट प्लेस, कृष्णा नगर, सरोजिनी नगर, चांदनी चौक, सदर आदि में भी दुकानें बंद रहेंगी। चुनाव के दिन मतदान सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6:30 बजे तक होगा।