आयुष्मान भारत योजना के 8 साल पूरे, भाजपा ने गिनाईं उपलब्धियां

punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 03:38 PM (IST)

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को आयुष्मान भारत योजना के आठ साल पूरे होने की सराहना करते हुए कहा कि इसके तहत 50 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त इलाज मिला है और अस्पतालों में 13 करोड़ से अधिक भर्ती की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) की शुरुआत 23 सितंबर, 2018 को माध्यमिक और तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रति परिवार प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के कैशलेस अस्पताल में भर्ती कवरेज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। यह व्यापक आयुष्मान भारत कार्यक्रम का वित्तीय सुरक्षा घटक है। इस कार्यक्रम में आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी शामिल हैं, जिनका उद्देश्य व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल को मजबूत करना है। इसके अलावा इसमें आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन और प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन भी शामिल हैं। 

50 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त इलाज मिल रहा

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने 'एक्स' पर एक वीडियो पोस्ट में कहा कि योजना के लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक के इलाज के लिए भुगतान नहीं करना पड़ता है। उन्होंने इसे नरेन्द्र मोदी सरकार की एक प्रमुख कल्याणकारी पहल बताया। भंडारी ने कहा, "आठ साल पूरे हो गए हैं। क्या आप जानते हैं कि पिछले आठ साल में 50 करोड़ से अधिक लोगों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है।" उन्होंने कहा कि योजना के तहत 13 करोड़ से अधिक अस्पतालों में भर्ती की सुविधा दी गई है और दावा किया कि यह आंकड़ा "दुनिया में सबसे अधिक" है। भंडारी ने कहा, "यह कल्याणकारी योजना है। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का प्रभाव है।" उन्होंने कहा कि योजना के तहत दो लाख करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं और दावा किया कि यह मोदी सरकार की विकास पहलों के जमीनी प्रभाव को दर्शाता है। भंडारी ने इस योजना की तुलना पिछली कांग्रेस सरकारों के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्था से करते हुए कहा कि पहले लोगों को इलाज के लिए भुगतान करना पड़ता था और उनके पास आयुष्मान कार्ड की सुविधा नहीं थी। 

उन्होंने कहा, "आज आयुष्मान भारत के आठ साल पूरे हो गए हैं। पांच लाख रुपये तक शून्य खर्च, पूरा स्वास्थ्य बीमा भारत सरकार की ओर से है।" भाजपा के राज्यसभा सदस्य तरुण चुग ने कहा कि इस योजना ने करोड़ों गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच दी है और चिकित्सकीय आपात स्थिति के दौरान उन्हें वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराई है। चुग ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "इस संकल्प के साथ कि इलाज के खर्च को उठाने के लिए परिवारों को अपने घर गिरवी रखने या खेत बेचने के लिए मजबूर न होना पड़े, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बनकर उभरी है।" उन्होंने कहा कि योजना के तहत मिलने वाला स्वास्थ्य कवरेज जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सुरक्षा और सम्मान के साथ इलाज कराने के लिए मजबूत सहारा प्रदान कर रहा है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Rahul Singh

Related News