दुर्गा पूजा को लेकर सुवेंदु अधिकारी के बड़े ऐलान- महाअष्टमी को बंद रहेंगी शराब की दुकानें, DJ पर भी रोक, जानें हर फैसला

punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 09:13 AM (IST)

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार के गठन के बाद इस साल दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है।  मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को कहा कि दुर्गा पूजा के जश्न के लिए उनकी सरकार द्वारा उठाए गए कई कदमों की घोषणा करते हुए, महाअष्टमी के दिन पूरे राज्य में शराब की सभी दुकानें और बार बंद रहेंगे। इसके अलावा, उन्होंने दुर्गा पूजा के जश्न के दौरान डीजे पर पूरी तरह से रोक लगाने की भी घोषणा की।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गा पूजा समितियों के लिए 1 लाख रुपये की ग्रांट और पूरे पश्चिम बंगाल में पूजा समितियों के लिए बिजली शुल्क में 100 प्रतिशत छूट की भी घोषणा की। उन्होंने कहा, "मैं मुख्यमंत्री की शक्तियों का गलत इस्तेमाल नहीं करना चाहता। मैं उन लोगों से अनुरोध करूंगा जो (सरकारी सहायता के बिना पूजा आयोजित करने में) सक्षम हैं, वे वित्तीय सहायता न लें। जो लोग इस पैसे के बिना पूजा आयोजित नहीं कर सकते, उन्हें सरकार द्वारा 1 लाख रुपये दिए जाएंगे।" "जिन्हें ग्रांट की जरूरत है, वे स्थानीय स्तर पर आवेदन कर सकते हैं, जबकि जिन्हें इसकी जरूरत नहीं है, वे इसे न लेने का विकल्प चुन सकते हैं। मैं यह मामला पूजा समितियों पर छोड़ता हूं।"

 मुख्यमंत्री  ने कहा कि इस साल पश्चिम बंगाल में महालय से पहले दुर्गा पूजा का उद्घाटन नहीं किया जाएगा। महालय देवी पक्ष की शुरुआत का प्रतीक है और यह कई सालों से हो रहे जल्दी उद्घाटन के बाद पारंपरिक त्योहार कैलेंडर की वापसी का संकेत है। उन्होंने यह भी कहा कि इस साल सरकार द्वारा कोई दुर्गा पूजा कार्निवल आयोजित नहीं किया जाएगा।

 मुख्यमंत्री  ने यह भी घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महालय के दिन ईडन गार्डन्स में सरकार द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। अधिकारी ने कहा कि चार घंटे के इस कार्यक्रम में ड्रोन और आतिशबाजी का प्रदर्शन शामिल होगा। सरकार ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए 24 अक्टूबर की समय-सीमा तय की है, क्योंकि 25 अक्टूबर को कोजागरी लक्ष्मी पूजा है। अधिकारी ने कहा कि विसर्जन का कार्यक्रम पारंपरिक कैलेंडर के अनुसार ही किया जाएगा और किसी भी समिति को तय तारीख के बाद विसर्जन में देरी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि विसर्जन घाटों पर क्रेन की अनुमति नहीं होगी और पूजा जुलूसों को राष्ट्रीय राजमार्गों को बाधित करने की इजाज़त नहीं दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने आयोजकों से यह सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया कि प्रतिमाएं और पंडाल राज्य की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को ठेस न पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों, वृद्धाश्रमों में रहने वालों और दिव्यांगों के लिए पूजा पंडालों में जाने की व्यवस्था की जाएगी, साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि सामान्य यातायात और लोगों की आवाजाही में कोई बाधा न आए। सरकार दुर्गा पूजा समारोह के हिस्से के रूप में महालया के बाद दीघा और छह अन्य शहरों में भी कार्यक्रम आयोजित करेगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News