Instagram पर 27 लाख फॉलोअर्स: 26 साल की इन्फ्लुएंसर लुला लाहफ़ा का निधन, फैंस में गहरा शोक
punjabkesari.in Saturday, Jan 24, 2026 - 10:33 AM (IST)
इंटरनेशनल डेस्क: इंडोनेशियाई सोशल मीडिया की जानी-मानी इन्फ्लुएंसर लुला लाहफ़ा (26) का 23 जनवरी, 2026 को साउथ जकार्ता स्थित उनके अपार्टमेंट में निधन हो गया। सुरक्षा कर्मियों ने शाम 6:44 बजे उनका शव पाया। घटना के तुरंत बाद मेट्रो जाया पुलिस के क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारण का खुलासा नहीं हुआ है। हालांकि बताया जा रहा है कि लुला हाल ही में नए साल के दौरान किडनी स्टोन्स की समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती थीं।
लुला लाहफ़ा इंस्टाग्राम पर 27 लाख फॉलोअर्स के साथ लोकप्रिय थीं और अपने लाइफस्टाइल व्लॉग्स, ब्यूटी टिप्स और म्यूजिक कवर के लिए जानी जाती थीं। वह अपने बॉयफ्रेंड रेज़ा ऑक्टावियन (Weird Genius) के साथ भी कई कंटेंट साझा करती थीं।
आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट ने छुआ दिल
उनका आखिरी इंस्टाग्राम रील, जो 21 जनवरी को पोस्ट किया गया था, एक साधारण बातचीत पर आधारित था और यह अब तक 1 मिलियन से अधिक लाइक्स हासिल कर चुका है। इस रील पर इंडोनेशियाई सितारों जैसे अभिनेत्री कैटलिन हेल्डरमैन और म्यूजिशियन हसन अलायद्रस ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
Weird Genius ने इस दुखद खबर के बाद अपनी सभी आगामी इवेंट्स को रद्द कर दिया। पुलिस ने फैंस और मीडिया से शांति बनाए रखने और परिवार के साथ सहयोग करने की अपील की है। लुला लाहफ़ा के निधन की खबर ने न केवल इंडोनेशिया बल्कि दुनिया भर में उनके फैंस और फॉलोअर्स को गहरे शोक में डाल दिया है।
