मौसम ने फिर ली करवट, बारिश और आंधी का अलर्ट जारी, जानिए जून महीने में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?
punjabkesari.in Sunday, Jun 01, 2025 - 08:40 AM (IST)

नेशनल डेस्क। दिल्ली में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है जहाँ एक तरफ दिन में तेज धूप लोगों को गर्मी से बेहाल कर रही है वहीं शाम को बारिश से कुछ राहत मिल जाती है। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली का मौसम ऐसा ही बना हुआ है जिसके बाद उमस का भी दिल्ली वालों को सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार को आंधी-बारिश और तापमान में गिरावट
शनिवार को भी दिल्ली में दिन में तेज धूप खिली रही लेकिन शाम होते-होते मौसम ने करवट बदली। शाम को धूलभरी आंधी चली और हल्की बारिश हुई। इस आंधी के चलते दिल्ली के ज्यादातर इलाकों का तापमान लगभग आठ डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
मौसम के इस अचानक बदलाव के कारण एयर इंडिया की गोवा-दिल्ली फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा और कई अन्य उड़ानों में भी देरी हुई। यह इस साल मई के महीने में दर्ज की गई छठी बड़ी आंधी थी।
शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान दिन में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया था। हालांकि आंधी-तूफान के बाद सफदरजंग में पारा छह डिग्री तक गिर गया। पीतमपुरा, दिल्ली विश्वविद्यालय, दक्षिण-पश्चिम, आया नगर और नजफगढ़ जैसे इलाकों में तो महज डेढ़ घंटे में तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया।
अगले कुछ दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने रविवार से बुधवार तक भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। आज यानी रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
जून महीने की शुरुआत दिल्ली में बादल छाए रहने के साथ हो रही है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए धूल भरी आंधी चलने और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि जून के पहले हफ्ते में दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और बारिश की भी संभावना है, जिससे दिल्ली वालों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान दिल्ली के तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के मौसम में बारिश के चलते नमी भी देखने को मिल रही है।