Chhattisgarh Weather Alert: 5 दिनों तक आंधी-बारिश का अलर्ट, कोरबा में पेड़ गिरने से 3 की मौत

punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 11:28 AM (IST)

Chhattisgarh Weather Alert : छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम का मिजाज बदलने लगा है और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी, गरज-चमक तथा बारिश की गतिविधियां तेज होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने आगामी पांच दिनों तक कई क्षेत्रों में तेज हवाओं, बिजली गिरने और वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की है। 

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, बड़े पेड़ों तथा बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है। 

PunjabKesari

इस बीच कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में शनिवार को तेज आंधी और बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े तीन युवकों पर पेड़ की भारी डाल गिर गई जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रायपुर, सरगुजा और पेंड्रा सहित कई इलाकों में भी बारिश दर्ज की गयी। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

PunjabKesari

दूसरी ओर पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉडर् किया गया। रायपुर में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। दिन के दौरान गरज-चमक के साथ धूलभरी आंधी और वर्षा हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान लगभग 41 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है। 

PunjabKesari

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्य पाकिस्तान से आंध्र प्रदेश तट तक एक द्रोणिका (ट्रफ) सक्रिय है, जो राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा से होकर गुजर रही है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी से लक्षद्वीप क्षेत्र तक ऊपरी वायुमंडल में एक अन्य ट्रफ भी प्रभावी है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण प्रदेश में नमी बढ़ रही है जिससे आंधी और बारिश की गतिविधियों को बल मिल रहा है। 

यह भी पढ़ें: Morning Heel Pain Problem: सुबह उठते ही एड़ियों में होता है दर्द, तो इसे मामूली समझकर न करें Ignore, हो सकती है यह बीमारी

विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। अगले दो दिनों के दौरान तापमान में और दो से तीन डिग्री की कमी आने की संभावना है। साथ ही अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आंधी, बिजली चमकने और वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News