IMD Rain Warning: 21 से 24 जनवरी तक इन 7 राज्यों में IMD ने जारी किया बारिश का अलर्ट, दो ''पश्चिमी विक्षोभ'' उत्तर भारत की ओर बढ़ रहे
punjabkesari.in Monday, Jan 19, 2026 - 09:50 AM (IST)
नेशनल डेस्क: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच अब मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली समेत देश के 7 राज्यों में आने वाले दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज से ही पहाड़ों पर मौसम बिगड़ने के आसार हैं, जिसका असर जल्द ही मैदानी इलाकों में भी नजर आएगा।
राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों (नोएडा-एनसीआर) में आज सुबह घने कोहरे की चादर छाई हुई है, जिससे न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक गिर सकता है। विभाग के मुताबिक, दिल्ली में इस शुक्रवार तक बारिश होने की संभावना है, जिससे गलन और ज्यादा बढ़ सकती है। उत्तर प्रदेश और बिहार के कई जिलों जैसे लखनऊ, पटना, गया और गोरखपुर में आज शीतलहर चलने की चेतावनी दी गई है, जिससे लोगों को फिलहाल ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
पहाड़ी इलाकों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मशहूर पर्यटन स्थलों जैसे मनाली, कुल्लू और नैनीताल में आज से अगले तीन दिनों तक बर्फबारी और बारिश का अनुमान है। कश्मीर घाटी में भी न्यूनतम तापमान गिरने से ठिठुरन बढ़ गई है और वहां लगातार आने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट:
-
19 से 21 जनवरी: पहाड़ों (जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड) में हल्की बारिश और बर्फबारी शुरू होगी।
-
22 और 23 जनवरी: यह समय सबसे चुनौतीपूर्ण होगा, क्योंकि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश की पूरी संभावना है। कश्मीर और हिमाचल के कुछ हिस्सों में भारी बर्फबारी का अलर्ट भी दिया गया है।
-
24 जनवरी: उत्तराखंड और उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में हल्की बारिश जारी रह सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी।
मौसम में इस बदलाव का मुख्य कारण
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक के बाद एक दो 'पश्चिमी विक्षोभ' उत्तर भारत की ओर बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही मध्य राजस्थान के ऊपर हवा का एक चक्रवाती घेरा (Cyclonic Circulation) भी बना हुआ है। इन दोनों प्रणालियों के आपस में मिलने की वजह से नमी बढ़ेगी और पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ-साथ दिल्ली-NCR समेत मैदानी राज्यों में बारिश देखने को मिलेगी।
