Heavy Rain Alert: कल से 2 फरवरी तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश, ओले और तेज हवाओं का खतरा, IMD का इन राज्यों में अलर्ट

punjabkesari.in Tuesday, Jan 27, 2026 - 07:31 PM (IST)

नेशनल डेस्कः मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में आगामी दिनों के दौरान मौसम के बिगड़ने को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार विभिन्न राज्यों में बारिश, ओलावृष्टि, आंधी-तूफान, तेज हवाएं, बर्फबारी, घना कोहरा और कोल्ड वेव की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने बताया है कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के आसपास के इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर ओले पड़ने की संभावना है। 28 जनवरी को बिहार में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसी दिन सिक्किम में भी कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है। IMD ने कल से 2 फरवरी तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस

मौसम विभाग के अनुसार 30 जनवरी 2026 की रात से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से 1 और 2 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

PunjabKesari

बारिश और बर्फबारी की संभावना

27 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में तथा 27 और 28 जनवरी को उत्तराखंड में कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की झोंकेदार हवाएं चलने की भी आशंका है। 27 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं भारी बारिश या भारी बर्फबारी हो सकती है। तापमान की बात करें तो उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं मध्य भारत, उत्तर महाराष्ट्र और गुजरात में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट का अनुमान है।

घने कोहरे की स्थिति

घने कोहरे की स्थिति हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 28 से 30 जनवरी के दौरान देखी जा सकती है। उत्तराखंड में 29 और 30 जनवरी, जबकि उत्तर प्रदेश, उत्तर मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार में 28 और 29 जनवरी को घने कोहरे की संभावना जताई गई है। इसके अलावा कोल्ड वेव की स्थिति हिमाचल प्रदेश में 29 से 31 जनवरी के दौरान तथा पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 28 से 31 जनवरी के बीच बन सकती है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News