नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री को गिरफ्तारी वारंट जारी

punjabkesari.in Thursday, Aug 24, 2017 - 07:04 PM (IST)

भिण्ड : मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले की एक अदालत ने गोहद से भारतीय जनता पार्टी विधायक एवं प्रदेश के नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री लाल सिंह आर्य को गोहद से ही कांग्रेस विधायक रहे माखनलाल जाटव हत्याकांड के मामले में उनके खिलाफ 25 हजार रुपए का जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।

विशेष न्यायाधीश योगेश कुमार गुप्ता ने यह आदेश दिए। इस मामले में आर्य को 14 सितंबर को न्यायालय में उपस्थित होना है। इस मामले में 25 अप्रैल 2017 को न्यायालय ने आर्य को आरोपी बनाया था। इसके बाद मंत्री ने  उच्च न्यायालय के ग्वालियर खंडपीठ में अपील दायर की थी।

साक्ष्यों के अभाव में भिण्ड न्यायालय के आदेश को निरस्त कर दिया गया था। यह मामला  उच्चतम न्यायालय पहुंचा, जिसमें भिण्ड न्यायालय के आदेश को सही बताया गया। लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान 13 अप्रैल 2009 को जाटव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों ने इस अपराध का आरोप आर्य पर लगाया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News