गडकरी की दो टूक...''काम पसंद आए तो वोट दो या फिर मत देना, मैं मक्खन लगाने वालों में से नहीं''

punjabkesari.in Tuesday, Mar 28, 2023 - 09:53 AM (IST)

नेशनल डेस्क: भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय राष्ट्रीय राजमार्ग व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ-साफ कहा कि अगर लोगों को उनका काम पसंद आए तो वोट दें, नहीं तो मत दें। सोमवार को नागपुर में वह डा. मोहन धारिया राष्ट्र निर्माण पुरस्कार समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह वोट के लिए मक्खन लगाने वाले नहीं हैं।

 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजनीति पैसे कमाने का धंधा नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘राजनीति का अर्थ सामाजिक कार्य, राष्ट्रीय मुद्दों को हल करना और विकास से जुड़े कार्य करना भी है। सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन ही राजनीति का मुख्य लक्ष्य है।’’ गडकरी ने कहा कि जल संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और बंजर भूमि के सही इस्तेमाल जैसे क्षेत्रों में प्रयोग की काफी गुंजाइश है। हमारी ओर से इसे लेकर बड़ी लगन से काम किया जा रहा है।

 

भाजपा नेता ने कहा कि भविष्य में हमें इस क्षेत्र में और अधिक मेहनत करनी होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि यह न केवल भारत की अर्थव्यवस्था बल्कि ग्रामीण इलाकों की सूरत भी बदल सकता है। गडकरी ने कहा कि सतत विकास आधुनिक दुनिया में सफलता की मुख्य कुंजी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के बिना विकास टिकने वाला नहीं है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में अर्थव्यवस्था के विकास के लिए बांस के इस्तेमाल पर भी जोर दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Related News