डाक कर्मी ने मौ'त से पहले बनाया 13 मिनट का वीडियो, महाराष्ट्र के हरिश्चंद्रगढ़ में पहाड़ी से गिरकर गई जान

punjabkesari.in Tuesday, Oct 20, 2026 - 03:06 PM (IST)

नई दिल्ली:  गुजरात के भावनगर के रहने वाले एक डाक कर्मचारी विश्वराज गोहिल ने महाराष्ट्र के हरिश्चंद्रगढ़ में पहाड़ी से गिरकर अपनी जान दे दी। मरने से पहले उन्होंने 13 मिनट का एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उन्होंने अपनी शादीशुदा जिंदगी के विवाद और कानूनों पर सवाल उठाए हैं। पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

घटना की पूरी जानकारी
यह घटना 12 अक्टूबर की है। विश्वराज गोहिल मूल रूप से गुजरात के राजपरा के रहने वाले थे और फिलहाल भावनगर के चित्रा इलाके में रहते थे। वे महाराष्ट्र के प्रसिद्ध हरिश्चंद्रगढ़ की कोंकणकड़ा पहाड़ी पर पहुंचे थे, जो ठाणे, पुणे और अहिल्यानगर की सीमा के पास है। पहाड़ी से गिरने से उनकी मौत हो गई, जिसे पुलिस आत्महत्या मानकर चल रही है।

वहां से गुजरने वाले कुछ लोगों ने पहाड़ी के पास एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लावारिस हालत में देखा, जिसके बाद उन्होंने अहिल्यानगर जिले की राजुर पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने उनके परिवार से संपर्क किया, तब परिवार ने पुलिस को उस 13 मिनट के वीडियो के बारे में बताया जो विश्वराज ने रिकॉर्ड किया था।

खाई से शव निकालने में लगे 24 घंटे
पहाड़ी की गहराई और इलाका बहुत कठिन होने के कारण पुलिस को शव ढूंढने के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लेना पड़ा। स्थानीय पर्वतारोहियों की मदद से चले करीब 24 घंटे के रेस्क्यू अभियान के बाद शुक्रवार को उनका शव बाहर निकाला गया, जिसे बाद में उनके गृह नगर भावनगर ले जाया गया।

वैवाहिक विवाद की क्या थी वजह?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विश्वराज गोहिल की शादी इसी साल 8 फरवरी को धाराबा अजयसिंह सरवैया से हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों में विवाद शुरू हो गया। 12 सितंबर को पत्नी ने घरेलू हिंसा का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इसी सिलसिले में 9 अक्टूबर को विश्वराज कोर्ट में भी पेश हुए थे। अपने आखिरी वीडियो में विश्वराज ने दावा किया कि इस विवाद की वजह से वे भारी मानसिक तनाव में थे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर झूठे आरोप लगाने का जिक्र किया और गहनों को लेकर भी कुछ बातें कहीं। इसके अलावा, उन्होंने अधिकारियों से वैवाहिक विवाद और घरेलू हिंसा से जुड़े कानूनों की समीक्षा करने की अपील भी की।

पुलिस ने दर्ज किया आकस्मिक मौत का मामला
चूंकि घटनास्थल ठाणे ग्रामीण के टोकावाड़े पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए वहां आकस्मिक मौत (ADR) का मामला दर्ज किया गया है। टोकावाड़े थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक शीतलकुमार नाइक ने बताया कि पुलिस ने एडीआर दर्ज कर लिया है। आगे की कानूनी कार्रवाई परिवार के लोगों के बयान और जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। पुलिस उस वायरल वीडियो की भी बारीकी से जांच कर रही है ताकि मौत के असली कारणों का पता चल सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News