गुवाहाटी के होटल में अंधाधुंध फायरिंग: हमलावरों ने बरसाईं गोलियां, एक ही परिवार के 4 लोगों समेत 5 की मौ'त

punjabkesari.in Tuesday, Oct 27, 2026 - 12:18 AM (IST)

गुवाहाटी: असम की राजधानी गुवाहाटी के जीएस रोड स्थित बोरा सर्विस इलाके में सोमवार रात करीब 9 बजे एक होटल के भीतर हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी से भारी सनसनी फैल गई। बोरा सर्विस क्षेत्र में स्थित होटल 'बिलास इन' में अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई इस अंधाधुंध फायरिंग में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद होटल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

6 लोगों पर बरसाईं गोलियां, एक ही परिवार के 4 सदस्यों की गई जान 
पुलिस अधिकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9 बजे होटल 'बिलास इन' के भीतर छह लोगों के समूह पर अंधाधुंध गोलियां चलाई गईं। इस भीषण हमले में पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें से चार लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए गए हैं। वहीं, हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तुरंत गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पांचों मौतों की पुष्टि करते हुए सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

होटल के लीज एग्रीमेंट को लेकर चल रहा था पुराना संपत्ति विवाद 
प्रारंभिक जांच में इस खूनी वारदात के पीछे की मुख्य वजह का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना होटल 'बिलास इन' के लीज एग्रीमेंट (पट्टे के समझौते) से जुड़े संपत्ति विवाद का परिणाम है। होटल के मालिक पक्ष और होटल को लीज पर लेने वाले व्यक्ति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

लीज लेने वाला आरोपी ही निकला कातिल, पुलिस ने किया गिरफ्तार 
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में साफ हुआ है कि गिरफ्तार किया गया आरोपी कोई भाड़े का हत्यारा (हार्डकोर शूटर) नहीं है, बल्कि वही व्यक्ति है जिसने होटल को लीज पर ले रखा था। इसके अलावा, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी का मृतकों से कोई पारिवारिक संबंध नहीं है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी 
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू करवाई। उन्होंने बताया कि पुलिस होटल के कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से गहन पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही घटना की पूरी कड़ियों को जोड़ने और साक्ष्य जुटाने के लिए होटल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News