उपराष्ट्रपति धनखड़ आज नोएडा दौरे पर जाएंगे, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें
punjabkesari.in Sunday, Dec 24, 2023 - 05:25 AM (IST)
नेशनल डेस्क : गौतम बुद्ध नगर जिले में अति विशिष्ट व्यक्ति (VIP) की यात्रा के मद्देनजर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में शनिवार शाम से रविवार दोपहर तक कुछ यातायात मार्गों में बदलाव किया जा सकता है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में ग्रेटर नोएडा के गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान उनकी सुरक्षा का खास ध्यान रखा जाएगा।
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-
सिरसा में आज कांग्रेस की ‘किसान-मजदूर जनाक्रोश रैली'
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारण को लेकर दिल्ली बॉडर्र पर चले किसान आंदोलन के दौरान अकाल मौत का शिकार हुए 750 किसानो की स्मृति में रविवार को हुड्डा मैदान में ‘किसान-मजदूर जनाक्रोश रैली' का आयोजन रखा गया हैं। इस रैली में प्रदेशभर से बड़ी तादाद में लोग एकत्रित होकर दिवंगत किसानों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
साक्षी मलिक के समर्थन में आए पहलवान वीरेंद्र सिंह
डेफलंपिक्स के स्वर्ण पदक विजेता वीरेंद्र सिंह यादव ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के चुनाव में बृजभूषण शरण सिंह के विश्वस्त संजय सिंह के अध्यक्ष बनने के विरोध में देश के शीर्ष पहलवानों के साथ एकजुटता दिखाते हुए सरकार को अपना पद्मश्री लौटाने का फैसला किया है। गूंगा पहलवान के नाम से मशहूर वीरेंद्र ने ओलंपिक कांस्य पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया का समर्थन करते हुए कहा कि वह अपना सम्मान वापस लौटा देंगे।
जम्मू में सीमा पर घुसपैठ की बड़ी कोशिश नाकाम
जम्मू-कश्मीर की शीतकालीन राजधानी जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सुरक्षाबलों ने शनिवार तड़के यहां घुसपैठ की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए एक आतंकवादी को मार गिराया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, जम्मू में अखनूर के खौर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास शनिवार तड़के भारी हथियारों से लैस चार आतंकवादियों के एक समूह को सुरक्षाबलों ने भारतीय क्षेत्र की ओर घुसपैठ की कोशिश करते हुए देखा।
कोरोना की दस्तक से देश में डर का माहौल
केरल से एक बार फिर से कोरोना ने देश में दस्तक दे दी है। कोरोना के नए वेरिएंट तेजी से फैल रहा है। पूरे देश में कोरोना के अब तक करीब 21 मामले सामने आ चुके है। जिसके बाद लोगों में एक बार फिर डर का माहौल है। हल्की खांसी या जुकाम, बुखार में लोग कोरोना की जांच के लिए अस्पताल जा रहे हैं। डॉक्टर के पास आकर कोविड जांच की मांग कर रहे हैं। ऐसे में डॉक्टर मरीजों को अनावश्यक जांच न करवाने और अनावश्यक दवाएं न लेने की सलाह दे रहे है।
तीन राज्यों में हार के बाद कांग्रेस संगठन में बदलाव
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। कांग्रेस ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। टोंक से विधायक और राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट को पार्टी का महासचिव नियुक्त किया है। उन्हें छत्तीसगढ़ का चुनाव प्रभारी भी बनाया गया है। इसके अलावा अविनाश पांडेय को उत्तर प्रदेश का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। बता दें कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को छत्तीसगढ़, राजस्थान और मध्य प्रदेश, मिजोरम में बड़ी हार का सामना करना पड़ा था।
अर्थव्यवस्था बढ़ रही है, लेकिन धन कुछ लोगों के हाथों में : राहुल गांधी
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि भारत की अर्थव्यवस्था बढ़ रही है, लेकिन धन कुछ लोगों तक सीमित है और बेरोजगारी की समस्या एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने हार्वर्ड विश्वविद्यालय के छात्रों के एक समूह के साथ बातचीत में यह भी कहा कि चुनाव लड़ने के लिए तटस्थ मीडिया, निष्पक्ष कानूनी प्रणाली, निष्पक्ष निर्वाचन आयोग, वित्तीय संसाधन तक पहुंच और तटस्थ संस्थानों की आवश्यकता होती है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने 15 दिसंबर को हुई बातचीत का एक वीडियो शनिवार को 'एक्स' पर साझा किया।
2024 में 50% वोट शेयर का टारगेट, राम मंदिर पर फोकस...
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नजरें 2024 के लोकसभा चुनाव में 'भारी' जीत हासिल करने पर टिकी हैं और इसके मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संगठन के प्रमुख नेताओं से पार्टी का वोट प्रतिशत 10 प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में काम करने को कहा है। सूत्रों ने बताया कि शनिवार को दो दिवसीय मंथन बैठक के समापन के दिन भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश अध्यक्षों को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा का प्रदर्शन ऐसा होना चाहिए कि विपक्ष 'स्तब्ध' हो जाए।
केजरीवाल को ईडी के नए समन पर कानूनी राय लेगी आप
आम आदमी पार्टी (आप) विपश्यना से लौटने के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा भेजे गए नए समन पर कानूनी राय लेगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने शनिवार को यह बात कही। केजरीवाल के बृहस्पतिवार को दूसरे समन पर पेश नहीं होने के बाद ईडी ने शुक्रवार को दिल्ली की आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के क्रम में पूछताछ के लिए उन्हें फिर से नोटिस जारी कर तीन जनवरी को पेश होने को कहा।
