दिग्गज कांग्रेस नेता की अचानक बिगड़ी तबीयत, सामने आया वीडियो
punjabkesari.in Tuesday, Apr 08, 2025 - 07:57 PM (IST)

नेशनल डेस्क: कांग्रेस पार्टी के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन से पहले पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता साबरमती आश्रम पहुंचे। यहां महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पी. चिदंबरम समेत कई नेता शामिल हुए। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम की तबीयत आश्रम परिसर में अचानक खराब हो गई। बताया जा रहा है कि गुजरात की भीषण गर्मी में वे बेहोश हो गए। घटनास्थल से आए वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग उन्हें सहारा देकर कार तक ले जा रहे हैं। घटना के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि उनकी हालत अब स्थिर है। डॉक्टरों का कहना है कि अधिक गर्मी और धूप के कारण शरीर में थकावट और डिहाइड्रेशन हो गया था जिससे वे अचानक बेहोश हो गए।
#WATCH | Ahmedabad, Gujarat: Congress leader P Chidambaram fell unconscious due to heat at Sabarmati Ashram and was taken to a hospital. pic.twitter.com/CeMYLk1C25
— ANI (@ANI) April 8, 2025
अस्पताल में चल रहा है इलाज, हालत स्थिर
चिदंबरम को अस्पताल में मॉनिटरिंग पर रखा गया है। सूत्रों के मुताबिक फिलहाल किसी गंभीर चिंता की बात नहीं है और वे जल्द ही ठीक हो सकते हैं। कांग्रेस पार्टी की ओर से भी यह बयान आया है कि चिदंबरम की स्थिति नियंत्रण में है और डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें कुछ समय आराम दिया गया है।
गुजरात में कांग्रेस का बड़ा आयोजन
कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन 8 अप्रैल से गुजरात में शुरू हो रहा है। यह अधिवेशन अहम माना जा रहा है क्योंकि इसमें 2024 लोकसभा चुनावों के बाद की राजनीतिक रणनीति और संगठन में बदलाव पर चर्चा होनी है। अधिवेशन में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पास किए जाने की उम्मीद है।