उत्तर प्रदेश: मां ने किया आत्मदाह का प्रयास, दम घुटने से 2 बेटियों की मौत
punjabkesari.in Friday, May 08, 2026 - 01:37 AM (IST)
नेशनल डेस्क : यूपी के शामली जिले के कैराना कस्बे में बृहस्पतिवार को पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने कथित तौर पर आत्मदाह का प्रयास किया, जिसके बाद धुएं से दम घुटने से उसकी दो नाबालिग बेटियों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, अनीता (30) ने अपने घर के एक कमरे के अंदर बिस्तर पर खुद को कथित तौर पर आग लगा ली, जिससे बंद कमरे में भारी धुआं जमा हो गया। उनकी दो बेटियां वंदना (10) और डेढ़ साल की जसप्रीत कथित तौर पर दम घुटने के कारण बेहोश हो गईं। पुलिस क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला और उसकी दोनों बेटियों को अस्पताल पहुंचाया।
उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने वंदना और जसप्रीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि अनीता का इलाज चल रहा है। दोनों बच्चियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, यह घटना उस वक्त हुई जब अनीता का पति जस्सी घर से बाहर था। पुलिस ने कहा कि संदेह है कि पारिवारिक विवाद के कारण आत्मदाह का प्रयास किया गया। पुलिस ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है।
