प्यार में धोखा: 62 साल के दूल्हे की लुट गई जिंदगी, दुल्हन ले उड़ी गहने और लाखों का कैश
punjabkesari.in Sunday, Apr 20, 2025 - 11:27 AM (IST)

नेशनल डेस्क. उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 62 वर्षीय रिटायर्ड अधिकारी की शादी महज दो दिन में ही धोखे में बदल गई। दुल्हन बनने आई महिला ने तीसरे ही दिन ऐसा खेल किया कि पूरा परिवार हैरान रह गया और पुलिस थाने की दौड़ लगानी पड़ी।
ऐसे हुई थी पहचान, फिर बनी दुल्हन
यह मामला कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के कोयला नगर इलाके का है। हरीश कुमार शुक्ला एक रिटायर्ड COD अधिकारी हैं और मूल रूप से सीतापुर के रहने वाले हैं। अपनी वृद्ध मां-बाप के साथ सनिगवां में किराए के मकान में रहते हैं। हरीश की मुलाकात गली में ही किराये पर रहने वाली एक महिला से हुई। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और जान-पहचान गहरी हो गई, जब घरवालों ने शादी का सुझाव दिया, तो हरीश ने उसी महिला से बात की और वह शादी के लिए तैयार हो गई।
आर्य समाज मंदिर में रचाई शादी
11 फरवरी 2025 को दोनों ने आर्य समाज मंदिर में सादगी से विवाह कर लिया। नई नवेली दुल्हन ने पहले दो दिन घर में सबका दिल जीत लिया। सास-ससुर की सेवा, चाय-नाश्ता और घरेलू कामों में ऐसा हाथ बंटाया कि सबको लगा अब घर में खुशहाली आ गई है।
तीसरे दिन ही घर से भाग निकली
लेकिन तीसरे ही दिन परिवार पर बिजली गिर गई। महिला अचानक घर से गायब हो गई। वह जाते-जाते 3 लाख रुपये नकद और लगभग 2 लाख रुपये के गहने भी ले गई। इस घटना के बाद परिवार हैरान रह गया और हरीश शुक्ला ने उसे ढूंढने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
थाने पहुंचा पीड़ित, जांच शुरू
आखिरकार थक-हारकर हरीश शुक्ला ने चकेरी थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि उनका भरोसा और जिंदगी की सारी जमा-पूंजी एक झटके में चली गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। चकेरी थाने के इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला इस पूरे मामले को देख रहे हैं।
महिला के बारे में नहीं कोई ठोस जानकारी
चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित के पास महिला की सिर्फ एक तस्वीर है। उसका असली नाम, पता और पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। महिला को अब 'लुटेरी दुल्हन' कहा जा रहा है और इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।