Maharashtra: केंद्रीय मंत्री की बेटी से छेड़छाड़, कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचीं बीजेपी नेता

punjabkesari.in Sunday, Mar 02, 2025 - 01:54 PM (IST)

नेशनल डेसक: महाराष्ट्र के जलगांव के कोथली गांव में आवारा लड़कों ने केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे की बेटी समेत अन्य लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करने की । मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। केंद्रीय मंत्री कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचीं और बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचे केंद्रीय मंत्री 
यह घटना मुक्ताईनगर में महाशिवरात्रि मेले के दौरान हुई, जहां युवकों के एक समूह ने कथित तौर पर मंत्री की बेटी और अन्य लड़कियों को परेशान किया। आरोपियों ने मोबाइल फोन पर उनकी तस्वीरें लेने की भी कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन अपराधी पहले ही भाग चुके थे। घटना के बाद खडसे अपनी बेटी, बड़ी संख्या में समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शिकायत दर्ज कराने पुलिस स्टेशन पहुंचीं। 

'मेरी अपनी बेटी सुरक्षित नहीं, तो दूसरों की क्या स्थिति होगी'
पत्रकारों से बात करते हुए खडसे ने मराठी में कहा, "मैं केंद्रीय मंत्री और सांसद के तौर पर नहीं बल्कि न्याय मांगने वाली मां के तौर पर पुलिस स्टेशन आई हूं।" महिलाओं की सुरक्षा पर गहरी चिंता जताते हुए उन्होंने सवाल किया, "अगर हमारे जैसे परिवारों की बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, तो बाकी की क्या स्थिति होगी? अगर मेरी अपनी बेटी सुरक्षित नहीं है, तो दूसरों की क्या स्थिति होगी? मैं कानून के क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग करूंगी।" उन्होंने आगे कहा, "अगर जनप्रतिनिधि की बेटी को परेशान किया जा रहा है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या? मैं मुख्यमंत्री से मिलकर ऐसी घटनाओं पर कार्रवाई की मांग करूंगी।"

आरोपियों को अब कानून का डर नहीं रहा
खडसे ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पुलिस में पहले ही शिकायत दर्ज करा दी गई थी। उन्होंने कहा, "उन्होंने चार-पांच लड़कियों के वीडियो बनाए हैं। राज्य भर में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ गए हैं और आरोपियों को अब कानून का डर नहीं रह गया है। कई लड़कियां आगे आने से हिचकिचाती हैं, लेकिन हमें चुप नहीं रहना चाहिए। इसीलिए मैंने शिकायत दर्ज कराई है।"

तीन बार सांसद रहीं रक्षा खडसे
रावेर लोकसभा सीट से तीन बार सांसद रहीं रक्षा खडसे भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में जीत हासिल की और वर्तमान में मोदी सरकार में सबसे कम उम्र की महिला मंत्री हैं। हाल ही में गठित मोदी 3.0 मंत्रिमंडल में उन्हें युवा मामले और खेल राज्य मंत्री की भूमिका सौंपी गई है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News