कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर भाजपा का पलटवार, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर बोले- देश से मांफी मांगे खरगे

punjabkesari.in Thursday, Apr 27, 2023 - 06:25 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कांग्रेस अध्यक्ष के बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है। भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने खरगे के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उनको देश से माफी मांगनी चाहिए। बता दें मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को एक जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित बयान दिया है। ठाकुर ने कहा कि भाषाई संस्कार में कांग्रेसी नेता न्यूनतम स्तर पर आ चुके हैं। प्रधानमन्त्री जी के लिए ऐसी भाषा इनकी घबराहट, खोते जनाधार, चुनाव दर चुनाव मिलती हार से पैदा हुई हताशा दिखाती है। कांग्रेसियों, देश माफ़ नहीं करेगा। 

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे का बयान इस बात का प्रतिबिंब है कि गांधी परिवार पीएम के बारे में क्या महसूस करता है... उन्होंने स्पष्टीकरण दिया कि वह भाजपा की विचारधारा पर हमला कर रहे हैं। भाजपा की विचारधारा राष्ट्र पहले है। तो क्या वह कह रहे हैं कि वह पीएम मोदी पर हमला नहीं कर रहे थे, बल्कि वह भारत पर हमला कर रहे थे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने खरगे के इन बयानों वाले वीडियो को ट्विटर पर साझा करते हुए कहा, ‘‘अब कांग्रेस अध्यक्ष खरगे प्रधानमंत्री मोदी को जहरीला सांप कह रहे हैं। सोनिया गांधी के ‘मौत का सौदागर' से जो शुरू हुआ, हम जानते हैं कि कैसे समाप्त हुआ। कांग्रेस नीचे गिरती जा रही है। कांग्रेस की यह हताशा दिखाती है कि वह कर्नाटक में हारने जा रही है और यह बात जानती है।''

कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रचार अभियान के तहत गडग जिले के रोन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा, ‘‘गलती मत कीजिए। मोदी जहरीले सांप की तरह हैं। अगर आप कहते हैं कि वह जहरीले नहीं हैं तो छूकर देखिए, पता चल जाएगा। अगर आप छूएंगे तो मर जाएंगे।'' खरगे ने लोगों से कहा, ‘‘अगर आपको लगता है कि नहीं, नहीं, यह जहर नहीं है, क्योंकि मोदी ने इसे दिया है, सज्जन प्रधानमंत्री ने दिया है तो इसे चाटकर देखिए। अगर आप इस जहर को चाटेंगे तो हमेशा के लिए सो जाएंगे।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Recommended News

Related News