करोल बाग में Unacademy सेंटर बंद, 1500 छात्र फंसे! फीस रिफंड को लेकर बवाल
punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 09:20 PM (IST)
नेशनल डेस्क: दिल्ली के करोल बाग इलाके में स्थित Unacademy के ऑफलाइन कोचिंग सेंटर के अचानक बंद होने से सैकड़ों छात्रों के सामने अनिश्चितता की स्थिति पैदा हो गई है। इस फैसले के बाद छात्रों और अभिभावकों में नाराज़गी बढ़ गई।
छात्र संगठन Akhil Bharatiya Vidyarthi Parishad (ABVP) ने 21 फरवरी 2026 को इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। संगठन का दावा है कि करीब 1500 से अधिक विद्यार्थी प्रभावित हुए हैं, क्योंकि सेंटर बंद कर दिया गया, लेकिन जमा की गई फीस का रिफंड नहीं किया गया।
क्या है पूरा मामला?
Unacademy मुख्य रूप से ऑनलाइन शिक्षा प्लेटफॉर्म के रूप में जानी जाती है, लेकिन करोल बाग में इसका एक बड़ा ऑफलाइन सेंटर भी संचालित हो रहा था। यहां UPSC, IIT-JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती थी।
आरोप है कि प्रबंधन ने सेंटर बंद करने का निर्णय अचानक लिया और छात्रों को पहले से कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी। जब विद्यार्थियों ने फीस वापसी की मांग उठाई, तो विवाद और गहरा गया।
छात्रों के आरोप
पहले शिक्षकों को हटाया गया, फिर यह कहा गया कि फैकल्टी के जाने से सेंटर चलाना संभव नहीं। हाल के महीनों में एडमिशन लेने वाले छात्रों को पूरा रिफंड नहीं मिल रहा, जबकि कुछ को आंशिक भुगतान किया गया है। एक छात्रा ने आरोप लगाया कि बंद करने की योजना के बावजूद नए एडमिशन लिए गए और फीस जमा कराई गई। कुछ छात्रों ने अनुचित व्यवहार और प्रशासनिक उदासीनता का भी आरोप लगाया है। छात्रों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है, हालांकि अब तक ठोस कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।
ABVP का रुख
ABVP के दिल्ली प्रदेश पदाधिकारियों का कहना है कि वे छात्रों के हितों की रक्षा के लिए आंदोलन कर रहे हैं। संगठन ने मांग की है कि सभी प्रभावित विद्यार्थियों की फीस पारदर्शी प्रक्रिया के तहत वापस की जाए और मामले में स्पष्ट जवाब दिया जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समाधान नहीं निकला तो आंदोलन जारी रहेगा।
