UK Immigration: वीजा नियमों में बड़ा बदलाव, नौकरी, पढ़ाई और PR - तीनों में सख्ती, जानिए पूरी डिटेल
punjabkesari.in Saturday, Dec 20, 2025 - 12:12 PM (IST)
नेशनल डेस्क: ब्रिटेन सरकार ने अपने Immigration System में बड़े बदलाव कर 2025 के लिए नई नीति लागू कर दी है। अब नौकरी, पढ़ाई और सेटलमेंट से जुड़े नियम और भी सख्त हो गए हैं। वर्क वीज़ा की फीस बढ़ाई गई है, स्टूडेंट वीज़ा पाने वाले छात्रों के लिए चुनौतियां बढ़ गई हैं और Long Term Settlement के नियम भी कड़े कर दिए गए हैं। इस बदलाव से यूके में काम या पढ़ाई करने वाले लोग सीधे प्रभावित होंगे।
Skilled Worker Visa पर कड़े नियम
सबसे बड़ा बदलाव Skilled Worker Visa में देखा गया है। 22 जुलाई 2025 से लागू नए दिशा-निर्देशों के तहत, अब इस वीजा के लिए कम से कम £41,700 सालाना सैलरी और ग्रेजुएट-लेवल की नौकरी जरूरी है। मिड-स्किल जॉब्स के लिए अब आवेदन करना मुश्किल हो गया है। खासतौर पर सोशल केयर सेक्टर में विदेशियों की नई भर्तियाँ पूरी तरह बंद कर दी गई हैं। सरकार का उद्देश्य स्पष्ट है: कंपनियां विदेशी सस्ते श्रम पर निर्भर न रहें और ब्रिटेन के लोगों को ट्रेन करें। साथ ही, गैरकानूनी काम कराने वाले नियोक्ताओं पर भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई का खतरा भी बढ़ा दिया गया है।
International Student के लिए रास्ते कठिन
विदेशी छात्रों के लिए भी 2025 चुनौतीपूर्ण रहा। नवंबर से वीजा के लिए अधिक मेंटेनेंस फंड दिखाना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा, जिन यूनिवर्सिटीज में वीजा रिजेक्शन रेट अधिक है, वहां से Admission सीमित कर दिया गया है। हालांकि Graduate Route पूरी तरह खत्म नहीं हुई, लेकिन जनवरी 2027 से यह दो साल की बजाय केवल 18 महीने की हो जाएगी, जिससे पढ़ाई के बाद नौकरी ढूंढने का समय घट जाएगा।
Family Visa और Permanent Residency में भी सख्ती
पार्टनर वीजा के लिए कम से कम £29,000 सालाना आय की शर्त 2025 में भी बरकरार रही। वहीं, सरकार भविष्य में परमानेंट रेजिडेंसी (PR) के लिए न्यूनतम समय सीमा को 5 साल से बढ़ाकर 10 साल करने पर विचार कर रही है, हालांकि यह नियम अभी लागू नहीं हुआ है।
