Dubai Honesty:सफाई के चक्कर में हुआ बड़ा 'कांड' 12 लाख का 22 कैरेट के सोने के सिक्के कचरे में फेंकें...
punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 12:02 PM (IST)
नेशनल डेस्क: किस्मत और ईमानदारी का संगम कैसा होता है, इसकी मिसाल दुबई में देखने को मिली। भारत की रहने वाली कामिनी कानन के साथ कुछ ऐसा हुआ, जिस पर यकीन करना मुश्किल है। उन्होंने गलती से अपना लाखों का सोना कूड़ेदान के हवाले कर दिया था, लेकिन दुबई पुलिस और वहां के सिस्टम की मुस्तैदी ने नामुमकिन को मुमकिन कर दिखाया। सबसे बड़ी बात यह रही कि कामिनी ने इसकी शिकायत तक नहीं की थी, फिर भी पुलिस ने उन्हें ढूंढ निकाला।
सफाई के चक्कर में हुआ बड़ा 'काण्ड'
कामिनी कानन, जो लंबे समय तक दुबई में रह चुकी हैं, हाल ही में एक शादी के सिलसिले में वहां गई थीं। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से अपने सोने के सिक्कों को एक नए पाउच में शिफ्ट किया था। घर की साफ-सफाई के दौरान उनके बेटे अभिमन्यु से बड़ी चूक हो गई। उसने उस कीमती पाउच को बेकार समझकर कचरे के डिब्बे में डाल दिया। उस थैली में 22 कैरेट के सोने के सिक्के थे, जिनकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 12 लाख रुपये (50,000 दिरहम) से ज्यादा थी।
उम्मीद छोड़ चुकी थी महिला
अगले दिन जब पाउच नहीं मिला, तो परिवार को समझ आया कि सोना तो कचरे की गाड़ी में जा चुका है। यह जानकर उन्होंने इसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ दी। उन्हें लगा कि कचरे के ढेर में से 12 लाख का सोना मिलना असंभव है, इसलिए उन्होंने पुलिस केस भी नहीं किया। लेकिन दुबई की ईमानदारी कुछ और ही कहानी लिख रही थी।
कचरा उठाने वाले और पुलिस ने पेश की मिसाल
दरअसल, वह कीमती पाउच एक सफाईकर्मी के हाथ लगा था। उसने अपनी ईमानदारी दिखाते हुए उसे तुरंत पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और यह पता लगाया कि वह कचरा किस बिल्डिंग और किस अपार्टमेंट से आया था। 4 फरवरी को अचानक बिल्डिंग के गार्ड का फोन आया और बताया कि कोई आपके खोए हुए सामान के बारे में पूछ रहा है।
अभिमन्यु जब पुलिस स्टेशन पहुंचे, तो उनसे कुछ सवाल पूछे गए। जैसे ही उन्होंने सोने की फोटो और उसके बिल दिखाए, पुलिस ने पूरा का पूरा सोना उन्हें सुरक्षित सौंप दिया। यह घटना साबित करती है कि अगर सिस्टम ईमानदार हो, तो खोई हुई किस्मत भी घर का रास्ता ढूंढ लेती है।
