सस्ते में विदेश घूमने का सपना करें पूरा: इन 5 देशों में भारतीय रुपया है बेहद मजबूत
punjabkesari.in Wednesday, Nov 05, 2025 - 03:18 PM (IST)
नेशनल डेस्कः विदेश यात्रा का सपना आजकल लगभग हर किसी की विश लिस्ट में शामिल होता है, लेकिन अक्सर बजट इसकी सबसे बड़ी रुकावट बन जाता है। अगर आप भी कम खर्च में विदेश घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए खुशखबरी है। दुनिया में कुछ ऐसे देश हैं, जहां भारतीय रुपये की वैल्यू काफी मजबूत है, यानी वहां आपका खर्च कम और अनुभव शानदार होगा। आइए जानते हैं ऐसे 5 देशों के बारे में, जहां भारतीय यात्री कम बजट में विदेश यात्रा का मजा ले सकते हैं।
नेपाल: बजट-फ्रेंडली डेस्टिनेशन
भारत का पड़ोसी देश नेपाल भारतीय यात्रियों के लिए सबसे आसान और बजट-फ्रेंडली डेस्टिनेशन है। यहां की मुद्रा नेपाली रुपया (NPR) है, और 1 भारतीय रुपया लगभग 1.6 नेपाली रुपये के बराबर होता है। यानी भारत के पैसों की वैल्यू नेपाल में ज्यादा है।
यहां जाने के लिए वीजा की जरूरत नहीं होती, जिससे यात्रा और भी आसान बन जाती है। काठमांडू घाटी, पोखरा और हिमालय के खूबसूरत नजारे यहां के प्रमुख आकर्षण हैं। साथ ही यहां का खाना, होटल और ट्रांसपोर्ट भी बेहद सस्ते हैं।
वियतनाम: खूबसूरती और किफायती ट्रैवल का मेल
वियतनाम उन देशों में से एक है, जहां भारतीय रुपया काफी मजबूत माना जाता है। यहां की मुद्रा वियतनामी डोंग (VND) है, और 1 भारतीय रुपया करीब 300 डोंग के बराबर है। वियतनाम अपने समुद्र तटों, ऐतिहासिक स्थलों और खूबसूरत शहरों जैसे हनोई और हो ची मिन्ह सिटी के लिए मशहूर है। यहां आप सस्ते में शानदार स्ट्रीट फूड, होटल और टूरिस्ट एक्टिविटीज का आनंद ले सकते हैं।
कंबोडिया: अंकोरवाट मंदिर, ऐतिहासिक विरासत
कंबोडिया भारतीय पर्यटकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यहां की मुद्रा कंबोडियन रिएल (KHR) है, और 1 भारतीय रुपया लगभग 50 रिएल के बराबर है। यह देश अपने विश्व प्रसिद्ध अंकोरवाट मंदिर, ऐतिहासिक विरासत और रंगीन संस्कृति के लिए जाना जाता है। भारत की तुलना में यहां का खर्च बहुत कम है, जिससे आप कम बजट में शानदार यात्रा कर सकते हैं।
इंडोनेशिया: बाली की खूबसूरती
इंडोनेशिया, खासकर बाली, भारतीय पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। यहां की मुद्रा इंडोनेशियन रुपिया (IDR) है, और 1 भारतीय रुपया करीब 190 रुपिया के बराबर होता है। इसका मतलब है कि भारत से गए पैसों में आप यहां सस्ती और शानदार यात्रा कर सकते हैं। बाली के समुद्र तट, मंदिर, प्राकृतिक सुंदरता और रंगीन नाइटलाइफ इसे और भी खास बनाते हैं। यहां के होटल, खाना और एक्टिविटीज सब कुछ बजट में मिल जाता है।
श्रीलंका: समुद्र तट और चाय बागान
भारत का पड़ोसी देश श्रीलंका भारतीय यात्रियों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है। यहां की मुद्रा श्रीलंकन रुपया (LKR) है, और 1 भारतीय रुपया करीब 4 LKR के बराबर है। यहां के समुद्र तट, चाय के बागान, ऐतिहासिक मंदिर और सुंदर पहाड़ी इलाकों की यात्रा बेहद सस्ती पड़ती है। भारत के नजदीक होने की वजह से फ्लाइट टिकट भी महंगे नहीं हैं।
