स्कूल के बाहर 12वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, 5 आरोपी पकड़े गए

punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 06:47 PM (IST)

नेशनल डेस्क : राष्ट्रीय राजधानी में द्वारका के मोहन गार्डन इलाके में एक सरकारी स्कूल के बाहर 12वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिगों समेत पांच आरोपियों को पकड़ा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि घटना बुधवार शाम करीब छह बजकर 10 मिनट पर सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मोहन गार्डन के पास हुई। उन्होंने बताया कि चाकू लगने से घायल छात्र को इलाज के लिए तारक अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक इसी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता था और मोहन गार्डन का रहने वाला था। उसके पिता पूर्व सैनिक हैं और गुरुग्राम में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहे हैं। 

अधिकारी ने बताया कि मामले के एक प्रत्यक्षदर्शी और उसी स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र ने पूछताछ के दौरान बताया कि स्कूल के निर्धारित डिजाइन के जूते नहीं पहनने को लेकर एक अन्य छात्र ने शिक्षक से उसकी शिकायत की थी जिस के बाद उन दोनों के बीच तीखी बहस हुई और शिकायत करने वाले छात्र ने उसे धमकी दी। उनके मुताबिक, स्कूल की छुट्टी के बाद जब प्रत्यक्षदर्शी पीड़ित समेत अपने दोस्तों के साथ बाहर निकला, तो आरोपी छात्र ने अन्य आरोपियों को उकसाया और इस दौरान हुए झगड़े में एक हमलावर ने पीड़ित को चाकू मार दिया जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू स्कूल के मुख्य द्वार के पास से बरामद किया गया है और अपराध टीम और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मौके से साक्ष्य जुटाए। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या), 115(2) (जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचना) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत मोहन गार्डन थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, अब तक पांच आरोपियों को पकड़ा गया है, जिनमें तीन नाबालिग और दो वयस्क हैं। इनमें से तीन उसी स्कूल के छात्र हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News