किराए के घर में मिला ट्रांसजेंडर महिला और उसके गोद लिए भाई का शव, इलाके में फैली सनसनी
punjabkesari.in Sunday, Aug 10, 2025 - 04:01 PM (IST)

नेशनल डेस्क : कानपुर नगर के हनुमंत विहार इलाके में शनिवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसमें एक ट्रांसजेंडर महिला और उसका गोद लिया भाई मृत पाए गए। पुलिस ने रविवार को मामले की जानकारी दी। मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 25 वर्षीय काजल और 12 वर्षीय देव के रूप में हुई है। काजल का शव उसके बिस्तर में बने बक्से के अंदर मिला, जबकि देव का शव बिस्तर के पास पड़ा था। दोनों करीब एक महीने पहले मैनपुरी जिले से यहां आए थे और एक सेवानिवृत्त सैनिक के किराए के मकान में रह रहे थे।
कैसे हुआ खुलासा?
काजल की मां गुड्डी ने बताया कि चार-पांच दिनों से काजल का मोबाइल बंद था, जिससे उन्हें शक हुआ। शनिवार को वह दूसरी चाबी लेकर किराए के घर पहुंचीं। दरवाजा खोलते ही उन्होंने अंदर का भयावह दृश्य देखा, बेटी का शव बक्से में और देव का शव पास में पड़ा था।
घर में तोड़फोड़ और सामान गायब
पुलिस के मुताबिक, घर में तोड़फोड़ के निशान थे, अलमारियां खुली हुई थीं और काजल का आईफोन भी गायब था। मौके से शराब की एक खाली बोतल बरामद हुई। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और वैज्ञानिक सबूत जुटाए गए।
प्रेम प्रसंग और लूट — दोनों एंगल पर जांच
ACP चित्रांशु गौतम ने बताया कि शुरुआती जांच में दो संभावित कारण सामने आए हैं—लूट या प्रेम प्रसंग। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि गोलू और आकाश नाम के दो युवक काजल के घर अक्सर आते थे। इनमें से एक के साथ काजल के प्रेम संबंध होने की बात भी सामने आई है।
पुलिस आस-पास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है, खासकर एक भाजपा महिला नेता के घर के पास लगे कैमरों की। अधिकारियों का कहना है कि चोटों की प्रकृति और गायब कीमती सामान दोनों ही प्रेम-त्रिकोण और लूट के संकेत देते हैं। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड से जुड़े राज का खुलासा होने की उम्मीद है।