रेलवे कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा, 78 दिनों के बोनस को कैबिनेट की मंजूरी
punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 04:26 PM (IST)
नई दिल्ली: दिवाली से पहले रेलवे कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों का उत्पादकता आधारित बोनस देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस बोनस के लिए 2,009 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। सरकार के इस फैसले से करीब 11.40 लाख रेलवे कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
बोनस के लिए 2,009 करोड़ रुपये का प्रावधान
रेलवे कर्मचारियों को बोनस देने के लिए कुल 2,009 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। करीब 11.40 लाख कर्मचारियों को इसका लाभ मिलने की बात कही गई है। हालांकि, प्रत्येक कर्मचारी को मिलने वाली वास्तविक राशि उसकी पात्रता और लागू नियमों के अनुसार तय होगी। सरकार के इस फैसले से रेलवे कर्मचारियों में त्योहार से पहले खुशी का माहौल रहने की उम्मीद है।
यह बोनस नॉन-गजेटेड रेलवे कर्मचारियों के लिए है। एक योग्य कर्मचारी को अधिकतम 17,951 रुपये (78 दिनों के लिए) मिल सकते हैं।
इसमें कई तरह की नौकरियां शामिल हैं, जैसे:
- ट्रैक मेंटेनर्स
- लोको पायलट
- ट्रेन मैनेजर (गार्ड)
- स्टेशन मास्टर
- सुपरवाइज़र
- टेक्नीशियन और टेक्नीशियन हेल्पर
- पॉइंट्समैन
- मिनिस्ट्रियल स्टाफ़
- अन्य ग्रुप 'C' स्टाफ़
कैबिनेट ने कहा कि इस साल की मंज़ूरी रेलवे कर्मचारियों के बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए दी गई है। इस बोनस का मकसद कर्मचारियों को रेलवे के प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित करना भी है। रेलवे ने 2025-26 में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। इसने रिकॉर्ड 1,670 मिलियन टन कार्गो की ढुलाई की और लगभग 7.41 अरब यात्रियों को यात्रा कराई।
