Mumbai: बिरयानी खाने के बाद खाया तरबूज... एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत
punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 01:17 PM (IST)
मुंबई: मुंबई के पायधुनी इलाके में फूड पॉयजनिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार, यह परिवार पहले बाहर से लाई गई बिरयानी खाई थी। इसके बाद उन्होंने तरबूज भी खाया। कुछ ही समय बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिवार के लोगों को उल्टी, पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत हुई।
एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान अब्दुल्ला (40), उनकी पत्नी नसरीन (35) और बेटियां जैनब (13) और आएशा (16) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल को जेजे मार्ग स्थित अपने घर पर परिवार ने एक कार्यक्रम का आयोजन किया था, जिसके कुछ ही देर बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी।
अधिकारी ने बताया कि परिवार ने पांच मेहमानों के साथ मिलकर चिकन पुलाव खाया। मेहमानों के जाने के बाद परिवार ने तरबूज खाया और थोड़ी देर में ही सभी को उल्टियां होने लगीं और चक्कर आने लगे। उन्होंने बताया कि पहले परिवार को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां रविवार को चारों की मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि पहली नजर में यह तरबूज खाने के कारण खाद्य विषाक्तता का मामला प्रतीत हो रहा है क्योंकि जिन मेहमानों ने केवल पुलाव खाया उन्हें कोई तकलीफ नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम हो चुका है और मौत की असल वजह जानने के लिए 'हिस्टोपैथोलॉजी' रिपोर्ट का इंतजार है और फिलहाल दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम से कई बार मौत का कारण स्पष्ट हो जाता है, लेकिन कुछ मामलों में असली वजह तुरंत सामने नहीं आती, ऐसे में 'हिस्टोपैथोलॉजी' जांच यह समझने में मदद करती है कि मौत स्वाभाविक कारणों से हुई या किसी बाहरी कारण से।
