Traffic Jam का झंझट खत्म! जल्द आसमान में उड़ेंगी 'फ्लाइंग टैक्सी', अब उड़कर पहुंच जाएंगे ऑफिस
punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 03:33 PM (IST)
Flying Taxi India : क्या आपने कभी सोचा है कि जिस दिल्ली के ट्रैफिक में आप घंटों फंसे रहते हैं उसके ऊपर से आप उड़कर अपने ऑफिस पहुंच जाएं? हॉलीवुड फिल्मों का यह सपना अब भारत में हकीकत बनने जा रहा है। राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित 'इंडिया एआई समिट' (India AI Summit) में एक ऐसी उड़ने वाली टैक्सी का प्रदर्शन किया गया है जिसने भविष्य के परिवहन की नई उम्मीद जगा दी है।
बिजली से दौड़ेगी, आसमान में उड़ेगी
इंडिया एआई समिट के हॉल नंबर 4 में पेश किया गया यह मॉडल पूरी तरह से बिजली (Electric) से चलने वाला वाहन है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे टेक-ऑफ और लैंडिंग के लिए किसी लंबे रनवे की जरूरत नहीं है। यह महज 8 × 10 मीटर की छोटी सी जगह से उड़ान भर सकती है और उतर सकती है।

घंटों का सफर मिनटों में: खास फीचर्स
इस हवाई टैक्सी को विकसित करने वाली कंपनी ने इसकी कई चौंकाने वाली खूबियां बताई हैं। यह टैक्सी 160 किलोमीटर प्रति घंटा की अधिकतम गति से उड़ सकती है एक बार फुल चार्ज होने पर यह लगभग 110 किलोमीटर तक का सफर तय करने में सक्षम है। इसमें एक पायलट के साथ दो यात्री बैठ सकते हैं या फिर यह 200 किलोग्राम तक का वजन ले जा सकती है।

एम्बुलेंस और माल ढुलाई में भी मददगार
स्टॉल पर मौजूद एक्सपर्ट अनुष्का यादव ने बताया कि यह टैक्सी सिर्फ वीवीआईपी लोगों के लिए नहीं बल्कि आपातकालीन सेवाओं के लिए वरदान साबित होगी। ट्रैफिक में फंसी एम्बुलेंस के विकल्प के तौर पर यह मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचा सकेगी। इसके अलावा इसका इस्तेमाल सामान की डिलीवरी (Logistics) के लिए भी किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें: Earthquake : युद्ध तनाव के बीच भयंकर भूकंप से कांपा ये देश, 5.5 की तीव्रता से दहशत में आए लोग
प्रदूषण मुक्त और स्मार्ट सफर
चूंकि यह टैक्सी बैटरी से चलती है इसलिए इससे कोई धुआं या शोर नहीं होता जो इसे पर्यावरण के लिए पूरी तरह अनुकूल बनाता है। शहरी इलाकों में जहाँ जगह की कमी है और सड़कों पर दबाव ज्यादा है वहां यह 'वर्टिकल टेक-ऑफ' तकनीक गेम-चेंजर साबित हो सकती है।

भविष्य की तैयारी
यह आधुनिक वाहन एक निजी टेक कंपनी द्वारा तैयार किया गया है। हालांकि अभी यह एक मॉडल के रूप में प्रदर्शित है लेकिन आने वाले कुछ वर्षों में इसके कमर्शियल इस्तेमाल की उम्मीद जताई जा रही है। अगर यह तकनीक सड़कों पर उतरती है (या यूं कहें कि आसमान में चढ़ती है) तो भारत के बड़े शहरों में ट्रैफिक की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो सकती है।
