बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव, ओडिशा में मूसलाधार बारिश, कई जिलों में Red Alert, स्कूल बंद

punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 03:36 PM (IST)

भुवनेश्वर : बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के अत्यधिक गहरे अवदाब में बदलने के कारण पिछले 24 घंटों से ओडिशा में आफत की बारिश जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को पूरे राज्य के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' (Red Alert) जारी किया है।

मौसम विभाग ने पूरे ओडिशा में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। राष्ट्रीय मौसम एजेंसी ने अपने बयान में कहा, उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे सटे बांग्लादेश-पश्चिम बंगाल तट पर बना अत्यधिक गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ गया है। इसके गंगा के पश्चिमी भाग से होते हुए झारखंड की ओर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है और यह अगले 12 घंटों के दौरान 'अवदाब' में बदल सकता है। 

यह भी पढ़ें: Rajasthan Rain Alert: जयपुर-भीलवाड़ा समेत राजस्थान में झमाझम बारिश, मांडलगढ़ में 145mm रिकॉर्ड पानी बरसा

अवदाब एक ऐसा मौसम तंत्र है जो कम दबाव के क्षेत्र से अधिक मजबूत लेकिन उष्णकटिबंधीय चक्रवात से कम तीव्र होता है। मौसम विभाग ने गुरुवार को ओडिशा में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी करते हुए कहा कि बंगाल की खाड़ी में बने इस तंत्र के कारण गंगा के पश्चिमी भाग, छत्तीसगढ़ और झारखंड भी प्रभावित होंगे। 

 

मौसम विभाग ने मौसम की स्थिति को देखते हुए मछुआरों को 14 अगस्त तक उत्तर बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के आसपास समुद्र में न जाने की सलाह दी है। भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बालासोर जिले के भोगराई में सर्वाधिक 236 मिलीमीटर बारिश हुई इसके बाद मयूरभंज जिले के श्यामाखुंटा में 230 मिलीमीटर, बारीपदा में 215 मिलीमीटर और बालासोर के राजघाट में 204 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। 

 

आज सुबह साढ़े पांच बजे तक बालासोर शहर में सबसे अधिक 137 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि मयूरभंज की सिमलीपाल पहाड़ियों से बहुत भारी बारिश की सूचना है। मयूरभंज में हुई बहुत भारी बारिश के कारण बालासोर जिले की बूढ़ाबलंगा और जलका जैसी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। 

यह भी पढ़ें: 8th Pay Commission Update: 70 लाख केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर, सरकार ने बताया कब होगा लागू?

वहीं एक अधिकारी ने बताया कि बालासोर शहर के बड़े हिस्से में जलभराव की स्थिति बन गई है। इस बीच बीती रात से हो रही भारी बारिश के मद्देनजर अधिकारियों ने आज मयूरभंज जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने की घोषणा की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News