ओडिशा में अगले 6 दिन भारी बारिश का अनुमान, IMD ने जारी किया अलर्ट

punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 08:02 PM (IST)

नेशनल डेस्क : बंगाल की खाड़ी के ऊपर अगले दो दिनों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के बीच ओडिशा के कई हिस्सों में 16 अगस्त तक भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को यह जानकारी दी। आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र ने अपने ताजा बुलेटिन में बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है और इसके 12 अगस्त के आसपास निम्न दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर और कटक समेत कई जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बुलेटिन में कहा गया है कि दिन के दौरान राज्य के कई स्थानों पर बिजली चमकने और तेज सतही हवाओं के साथ गरज-चमक की भी संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि 12 से 15 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियां और तेज होने का अनुमान है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को 11 से 14 अगस्त के बीच ओडिशा तट के पास और उससे सटे समुद्री क्षेत्र में नहीं जाने की सलाह दी है।

इस बीच, भुवनेश्वर और राउरकेला समेत राज्य के कई हिस्सों में सोमवार को बारिश हुई। राउरकेला में भारी बारिश ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया है। निचले इलाकों में जलभराव हो गया और सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। बारिश के कारण राउरकेला रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन एक शेड के क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है। अधिकारियों ने बताया कि भद्रक जिले में सालंदी और बैतरणी नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है, जबकि तिहिड़ी प्रखंड के कई गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News