बंगाल में पहले चरण की मतदान के बाद अमित शाह का दावा- TMC सत्ता से जाएगी और बीजेपी आएगी
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 01:02 PM (IST)
नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज कोलकाता में रैली को संबोधित कर रहे हैं। संबोधन के दौरान अमित शाह मे कहा कि बंगाल की जनता ने विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए, बदलाव के लिए पूरे उत्साह से मतदान किया। ऐसे में TMC का सत्ता से बाहर जाना तय है। बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ BJP की सरकार बनने जा रही है।
जीत का किया दावा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा की बड़ी जीत का दावा किया है। शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि 23 अप्रैल को हुए मतदान के विश्लेषण के बाद यह साफ है कि भाजपा 152 में से कम से कम 110 सीटों पर जीत दर्ज करने जा रही है।
राज्य में चल रही है बदलाव की सुनामी
अमित शाह ने कहा, "हमने गुरुवार रात भर के आंकड़ों का विश्लेषण किया है। पहले चरण की 152 विधानसभा सीटों में से भाजपा 110 या उससे अधिक सीटें जीतने के लिए पूरी तरह तैयार है। हम पूर्ण बहुमत के साथ बंगाल में अगली सरकार बनाएंगे।" उन्होंने आगे कहा कि बंगाल में इस बार कोई साधारण लहर नहीं, बल्कि परिवर्तन की 'सुनामी' चल रही है।

बंगाल का बेटा ही बनेगा मुख्यमंत्री
ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए गृह मंत्री ने अगले मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा, "मैं वर्तमान मुख्यमंत्री को आश्वस्त करना चाहता हूँ कि उनका उत्तराधिकारी वही होगा जो बंगाल की मिट्टी में पैदा हुआ और पला-बढ़ा है। वह न केवल बंगाली भाषी होगा, बल्कि उसने अपनी पढ़ाई भी बंगाली माध्यम से की होगी। एक 'सच्चा बंगाली' ही राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनेगा।"
बिना हिंसा के मतदान के लिए चुनाव आयोग को सराहा
अमित शाह ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए केंद्रीय बलों, राज्य पुलिस और चुनाव आयोग के कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा, "सालों बाद ऐसा हुआ है कि पश्चिम बंगाल में चुनावी हिंसा में किसी की जान नहीं गई। इसके लिए पूरी टीम बधाई की पात्र है। बंगाल की जनता ने डर से उम्मीद की ओर अपनी यात्रा शुरू कर दी है।"

दूसरे चरण के लिए 'मिशन 77'
जब उनसे 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण की 142 सीटों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "पूरा बंगाल चुनाव हमारे लिए एक बड़ी चुनौती रहा है, लेकिन दूसरे चरण में हमारा लक्ष्य कम से कम 77 सीटें जीतने का है। भाजपा सरकार नहीं बनाती, बल्कि जनता अपनी सरकार चुनती है और इस बार जनता ने मन बना लिया है।"
