पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर में PM मोदी ने TMC पर कसा तंज, कहा - बंगाल अब बेड़ियों से आजाद हो गया है
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 07:08 PM (IST)
नेशनल डेस्क: PM मोदी आज पश्चिमबंग दिवस के मौके पर बंगाल के तारकेश्वर पहुंचे हैं। यहां पर उन्होंने अपने संबोधन के दौरान कहा कि मैं 'पश्चिमबंग दिवस' के मौके पर लोगों को बधाई देना चाहता हूं। इसी के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल ''अपनी बेड़ियों से मुक्त हो गया है'' और विकास की एक नयी यात्रा पर निकल पड़ा है। मोदी ने कहा कि चुनाव के एक ही फैसले से आया बदलाव पूरे राज्य में साफ तौर पर देखा जा सकता है।
तारकेश्वर में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद 'पश्चिमबंग दिवस' के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि बंगाल की हवा में अब एक ''नयी ताजगी'' महसूस की जा सकती है। मोदी ने कहा, ''चुनाव और सरकार गठन के बाद, आज मुझे पहली बार आपके बीच आने का सौभाग्य मिला है। बंगाल की हवा में अब एक नयी ताजगी है। ऐसा लगता है मानो बंगाल अब अपनी बेड़ियों से आजाद हो गया है और बंगाल का गौरव फिर से लौटने लगा है।''
<
Delighted to be in Tarakeswar. Addressing a programme on Paschimbanga Divas. Do watch. https://t.co/fh9IHujCpQ
— Narendra Modi (@narendramodi) June 20, 2026
>
विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि राज्य में हो रहा बदलाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया की ताकत को दिखाता है। उन्होंने कहा, ''बंगाल के लोगों के चेहरों पर चमक है और गांवों में खुशी और भरोसे का माहौल है... बंगाल में यह साफ दिखता है कि आपका एक वोट कैसे बदलाव ला सकता है।'' मोदी ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के काम को तेज करने के लिए राज्य सरकार की कोशिशों का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने इस प्रक्रिया में रुकावट डाली थी। प्रधानमंत्री ने कहा, ''आपने देखा होगा कि पिछली सरकार ने सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन सौंपने के काम को रोक दिया था। मौजूदा सरकार के कार्यकाल में वह प्रक्रिया शुरू हो गई है।''
