सोनिया-ममता की बैठक पर सस्पेंस हुआ खत्म, कांग्रेस और TMC ने विलय की खबरों पर दी सफाई
punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 11:16 AM (IST)
नेशनल डेस्क: बीते दिनों सोनिया गांधी और ममता बनर्जी के बीच एक खास मुलाकात हुई। इस मुलाकात को लेकर कांग्रेस ने चुप्पी तोड़ी है। मुलाकात को लेकर सामने आई रिपोर्टस के मुताबिक सोनिया गांधी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी की मुलाकात के दौरान TMC के कांग्रेस में विलय को लेकर बातचीत हुई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महासचिव जयराम रमेश ने इन खबरों को पूरी तरह से मनगढ़ंत, गलत और भ्रामक करार दिया है।
जयराम रमेश ने शेयर किया पोस्ट
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर स्थिति स्पष्ट करते हुए लिखा कि दोनों नेताओं के बीच हुई यह बैठक बेहद गर्मजोशी और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। उन्होंने आगे कहा कि सोनिया गांधी और ममता बनर्जी के बीच दशकों पुराने पारिवारिक और व्यक्तिगत संबंध हैं। इस मुलाकात के दौरान दोनों ने मुख्य रूप से निजी विषयों पर ही चर्चा की।
कैसे शुरु हुआ अटकलों का दौर
हाल ही में तृणमूल कांग्रेस के भीतर कुछ आंतरिक मतभेद और बगावती सुर देखने को मिले थे। इसी सियासी हलचल के बीच मंगलवार को ममता बनर्जी ने दिल्ली का दौरा किया और सोनिया गांधी से मुलाकात की। इस बैठक के तुरंत बाद राजनीतिक गलियारों में यह अफवाह तेजी से फैल गई कि कांग्रेस आलाकमान ने TMC को अपने साथ मिलाने (विलय करने) का प्रस्ताव दिया है।
TMC ने भी दावों को बताया बकवास
कांग्रेस के अलावा TMC ने भी इन दावों का खंडन किया है। TMC सूत्रों का कहना है कि पार्टी के अस्तित्व को कांग्रेस में मिलाने की कोई योजना नहीं है और ऐसी खबरों का जमीनी हकीकत से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं है।
