टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में नाबालिग आरोपी के पिता का बड़ा बयान, दो महीने से घर से गायब था बेटा...

punjabkesari.in Monday, Oct 19, 2026 - 03:23 PM (IST)

नई दिल्ली: अभिनेता टाइगर श्रॉफपर फायरिंग करने के आरोपी नाबालिग के पिता ने बताया है कि उनका बेटा करीब दो महीने पहले घर से चला गया था। उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि वह क्या कर रहा था या किन लोगों के साथ समय बिता रहा था। पिता ने बताया कि घर छोड़ने से पहले उनका बेटा टाइल लगाने का काम करता था। उन्होंने कहा कि उन्हें फायरिंग की घटना के बारे में तब पता चला, जब पुलिस का फोन आया।

पिता, जो दिहाड़ी मजदूर हैं और 50 प्रतिशत दिव्यांग हैं, ने बताया कि इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। उन्होंने अपनी आर्थिक तंगी का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले के बारे में पता चलने के बाद से उन्होंने कुछ खाया-पिया भी नहीं है।

अपने बेटे के घर छोड़ने के हालात के बारे में उन्होंने बताया, "वह 13 और 14 तारीख को एक मेले में गया था, और उसके बाद मुझे नहीं पता कि वह क्यों चला गया या कहाँ गया। असल में क्या हुआ, मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है।" उन्होंने बताया,, "मैं एक अनपढ़ इंसान हूं और सिर्फ चौथी कक्षा तक ही पढ़ा हूं। मैं दिहाड़ी मजदूरी करके अपना गुजारा करता हूँ। मैं शारीरिक रूप से दिव्यांग भी हूँ; मेरे पास दिव्यांगता प्रमाण पत्र है, जिसमें 50 प्रतिशत दिव्यांगता दर्ज है। अपने परिवार का पेट पालने के लिए मुझे जो भी काम मिल जाता है, मैं कर लेता हूं..."

पिता ने बताया कि उनके बेटे ने परिवार को यह नहीं बताया था कि वह कहां जा रहा है या आगे क्या करने वाला है। उन्होंने मोटरसाइकिल चोरी के एक पुराने मामले का भी जिक्र किया, जिसमें उनका बेटा गिरफ्तार हुआ था। उस पुराने मामले को याद करते हुए उन्होंने कहा, "पहले मोटरसाइकिल चोरी का एक मामला सामने आया था। कुछ समय बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था... मैंने उससे इस बारे में पूछा था और कहा था कि उसे ऐसा नहीं करना चाहिए था।" इस चक्कर में मेरे पैसे चले गए, लेकिन मुझे वे कभी वापस नहीं मिले और मामला भी कभी सुलझ नहीं पाया…”

मुंबई पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 7 बजे जुहू इलाके में उस समय फायरिंग हुई, जब टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे। आरोप है कि हमलावरों ने अभिनेता की कार पर गोलियां चलाईं। कोटा सिटी पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में तीन लोगों को पकड़ा है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, उन्हें ट्रेन में सफर करते समय पकड़ा गया। अभिनेता को गोली नहीं लगी, लेकिन इस घटना में उनका ड्राइवर घायल हो गया। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 109(1) और 3(5), तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 3 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच चल रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News