कल्याण सिंह के निधन पर यूपी में तीन दिन का राजकीय शोक, सोमवार को सार्वजनिक अवकाश

punjabkesari.in Sunday, Aug 22, 2021 - 01:04 AM (IST)

लखनऊः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर राज्य में तीन दिन राजकीय शोक रहेगा। सिंह का शनिवार देर शाम यहां संजय गांधी स्नातकोत्तर आर्युविज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे।

योगी ने अस्पताल के बाहर आकर कहा ‘‘ कल्याण सिंह अब हमारे बीच नहीं रहे। वह पिछले करीब दो महीने से बीमार थे। उन्होने आज रात 0915 बजे एसजीपीजीआई के आईसीयू में अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को नरौरा में गंगा तट पर किया जाएगा। 23 अगस्त को प्रदेश के अंदर सार्वजनिक अवकाश घोषित रहेगा ताकि हर व्यक्ति उनको श्रद्धाजंलि दे सकें।'' 

राज्य सरकार ने राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान सभी सरकारी इमारतों और प्रतिष्ठानो में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे और कोई राजकीय आयोजन नहीं होगा। 

योगी ने ट्वीट किया ‘‘ पूर्व राज्यपाल व उ.प्र. के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य आदरणीय कल्याण सिंह जी अब हमारे बीच नहीं रहे। भारतीय राजनीति में शुचिता, पारदर्शिता व जन सेवा के पर्याय, अप्रतिम संगठनकर्ता एवं लोकप्रिय जननेता आदरणीय कल्याण सिंह जी का देहावसान संपूर्ण राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्हें कोटि-कोटि श्रद्धांजलि। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिजनों को दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। समाज, कल्याण सिंह जी को उनके युगांतरकारी निर्णयों, कर्तव्यनिष्ठा व शुचितापूर्ण जीवन के लिए सदियों तक स्मरण करते हुए प्रेरित होता रहेगा। '' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News