कोलकाता एयरपोर्ट पर फ्लाइट के टॉयलेट में धमकी भरा पत्र मिलने के बाद विमान को एहतियातन कराया गया खाली

punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 12:08 PM (IST)

नेशनल डेस्क : इंडिगो की कोलकाता से शिलांग जाने वाली एक उड़ान में शनिवार सुबह बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह घटना Netaji Subhas Chandra Bose International Airport पर हुई। जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E3074 सुबह 9:15 बजे कोलकाता से शिलांग के लिए रवाना होने वाली थी। बोर्डिंग के दौरान विमान के क्रू मेंबर्स को एयरक्राफ्ट के टॉयलेट के अंदर एक कागज का टुकड़ा मिला, जिस पर विमान में बम होने की धमकी लिखी थी।

धमकी भरा नोट मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सूचना दी गई। एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतार लिया गया। इसके बाद विमान को एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे (अलग सुरक्षित स्थान) पर ले जाया गया, जहां विस्तृत सुरक्षा जांच शुरू की गई।

एयरपोर्ट निदेशक के मुताबिक, यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। फिलहाल विमान की गहन जांच की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। अब तक किसी संदिग्ध वस्तु की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना से यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई और उड़ान संचालन को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

गौरतलब है कि पिछले महीने 23 जनवरी को भी इंडिगो की एक अन्य उड़ान 6E 2608, जो दिल्ली से पुणे जा रही थी, को इसी तरह की धमकी मिली थी। उस मामले में भी विमान के टॉयलेट में एक हस्तलिखित नोट मिला था। फ्लाइट सुरक्षित रूप से पुणे एयरपोर्ट पर उतरी थी और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। बाद में सुरक्षा जांच की गई थी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mehak

Related News