Flight के टॉयलेट से आ रही थी अजीब आवाजें, Air Hostess ने खोला दरवाजा तो अंदर से...
punjabkesari.in Monday, Jun 15, 2026 - 03:33 PM (IST)
Flight Gold Smuggling Seizure : दुबई से अहमदाबाद आ रही एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया जब आसमान में उड़ते विमान के भीतर एक एयर होस्टेस की नजरें एक संदिग्ध यात्री पर टिक गईं। यात्री की अजीब हरकतों और चेहरे के घबराए हुए हावभाव ने एयर होस्टेस को अलर्ट कर दिया। जब वह यात्री टॉयलेट (लैवेटरी) के भीतर गया तो एयर होस्टेस को अंदर से कुछ अजीब और संदेहास्पद आवाजें सुनाई दीं।
शक गहराते ही उसने बिना देर किए फ्लाइट के कैप्टन को इसकी जानकारी दी और कैप्टन ने तुरंत अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों को मैसेज फ्लैश कर दिया। विमान के लैंड होते ही कस्टम विभाग और सुरक्षाकर्मियों ने जो खोज निकाला उसने सबके होश उड़ा दिए। टॉयलेट के भीतर से करीब 2.8 किलोग्राम शुद्ध सोना बरामद किया गया है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये है।
यह भी पढ़ें: विदेश जाने की पूरी थी तैयारी, पर एयरपोर्ट पहुंचते ही उड़ गए होश, हनीमून पर जाने से पहले ही कपल...
जानकारी के लिए बता दें कि यह पूरी घटना 12 जून 2026 की है। दुबई-अहमदाबाद फ्लाइट के रनवे पर उतरते ही कस्टम अधिकारियों की टीम विमान के भीतर दाखिल हो गई। टॉयलेट की बारीकी से जांच करने के लिए कस्टम अधिकारियों ने विमान के तकनीकी इंजीनियरों को भी साथ लिया। तलाशी के दौरान अधिकारियों की नजर टॉयलेट के आगे के हिस्से (फ्रंट लैवेटरी) में लगे एक स्पीकर बॉक्स पर पड़ी। जब उस बॉक्स को खोलकर देखा गया तो उसके अंदर काले रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे हुए दो भारी पैकेट चिपकाए गए थे।
24 कैरेट के गोल्ड बिस्किट
जब कस्टम अधिकारियों ने उन पैकेट्स को कटर से काटा तो उनके भीतर से चमचमाता हुआ सोना बाहर निकला। पैकेट के भीतर से 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने के बिस्किट बरामद हुए। जब्त किए गए सोने का कुल वजन 2,799.3 ग्राम (लगभग 2.8 किलो) मापा गया है। भारतीय बाजार के अनुसार इस सोने की कुल कीमत 4 करोड़ 26 लाख 89 हजार 325 रुपये आंकी गई है। वहीं कस्टम विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि सोने को जिस शातिर तरीके से टॉयलेट के स्पीकर के पीछे छुपाया गया था उससे साफ है कि यह अंतरराष्ट्रीय तस्करों का काम है। इसे इस तरह प्लान किया गया था ताकि आम यात्रियों या केबिन क्रू की नजर वहां न पड़े।
यह भी पढ़ें: ChatGPT या Meta AI से पूछा बम बनाने का तरीका, तो सीधे पहुंच जाएंगे जेल, जान लें भारत का यह खतरनाक कानून
फिलहाल विमान में सवार किसी भी यात्री या क्रू मेंबर ने इस बरामद सोने पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद कस्टम विभाग ने कस्टम एक्ट 1962 के नियमों के तहत इस सोने को ‘अनक्लेम्ड’ (लावारिस) घोषित करते हुए सरकारी खजाने में जब्त कर लिया है। वहीं सुरक्षा एजेंसियां अब फ्लाइट के पैसेंजर मैनिफेस्ट और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं ताकि टॉयलेट में अजीब हरकतें करने वाले उस संदिग्ध यात्री की पहचान की जा सके।
