महिलाओं से गलत हरकत करने वाले हो जाएं सावधान! लगेगा करंट का झटका

punjabkesari.in Monday, Feb 03, 2025 - 06:16 PM (IST)

नेशनल डेस्क : आए दिन महिलाओं के खिलाफ होने वाली घटनाओं को देखते हुए अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ के लिली गांव के एक पॉलिटेक्निक छात्र विवेक चौधरी ने एक अनोखा डिवाइस तैयार किया है जो महिलाओं की सुरक्षा में मदद कर सकता है। विवेक ने एक ऐसा डिवाइस बनाया है जो महिला के जूते में फिट हो सकता है। यह डिवाइस जब भी महिला को किसी प्रकार की छेड़छाड़ का सामना करना पड़े, तो उसे मदद पहुंचाने का काम करेगा।

इस डिवाइस का मुख्य उद्देश्य यह है कि जैसे ही कोई व्यक्ति महिला को छूने की कोशिश करेगा, उसे झटका लगेगा, साथ ही महिला की लोकेशन और अलर्ट संदेश उसके रिश्तेदारों के नंबर पर तुरंत भेज दिए जाएंगे। यह डिवाइस महिला के जूते की एड़ी में लगाया गया है, जिससे वह हमेशा अपने साथ रख सकती हैं।

कैसे आया यह विचार?

विवेक चौधरी ने बताया कि उन्होंने समाज में बढ़ते महिला अपराध को देखते हुए यह डिवाइस बनाने का विचार किया। शुरुआत में यह सवाल था कि डिवाइस को महिला के पास हमेशा रखना कैसे संभव होगा और यह कैसे बिना किसी को जानकारी हुए काम करेगा। फिर उन्होंने जूते को इसके लिए सबसे अच्छा विकल्प माना, क्योंकि महिलाएं भी आमतौर पर जूते पहनती हैं, चाहे वह ऑफिस जा रही हों या मॉर्निंग वॉक पर।

कैसे काम करता है डिवाइस?

इस डिवाइस में दो प्रमुख फीचर हैं:

करंट वाला फीचर: जब महिला को लगे कि कोई व्यक्ति उसके साथ छेड़छाड़ कर सकता है, तो वह जूते की एड़ी को तेज़ी से दबा सकती है। इससे डिवाइस एक्टिव हो जाएगा और जैसे ही कोई उसे छूने की कोशिश करेगा, उसे तेज़ करंट का झटका लगेगा।

लोकेशन भेजने वाला फीचर: जूते में एक और बटन है, जिसे दबाने से महिला की लोकेशन उसके तीन रिश्तेदारों के नंबर पर तुरंत भेज दी जाएगी, ताकि वे मदद के लिए पहुंच सकें।

डिवाइस की विशेषताएं

इस डिवाइस को "WSS" नाम दिया गया है और इसे बनाने में लगभग 3500 रुपए का खर्च आया है। डिवाइस में आईसी, बटन, एलईडी, वोल्टेज बूस्टर, लिथियम बैटरी, सेंसर, और GPS जैसे महत्वपूर्ण तकनीकी उपकरण लगाए गए हैं। एक बार बैटरी चार्ज होने पर यह 100 बार तक करंट का झटका दे सकता है।

पुलिस को किया प्रस्तुत

विवेक ने इस डिवाइस का प्रजेंटेशन पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के सामने दिया। अधिकारियों ने उनकी इस पहल की सराहना की और इसे प्रदेश स्तर पर लागू करने में मदद करने का भरोसा दिया। विवेक के इस अभिनव आविष्कार की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है और लोग इसकी तारीफ कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News