जंग के बीच 9 मार्च तक बंद रहेगा ये हिंदू मंदिर, 2 साल पहले PM मोदी ने किया था उद्घाटन

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 05:28 PM (IST)

नेशनल डेस्क : मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच अबू धाबी स्थित BAPS Hindu Mandir को एहतियातन 9 मार्च तक विजिटर्स के लिए बंद कर दिया गया है। मंदिर प्रशासन ने बयान जारी कर कहा कि मौजूदा स्थिति और राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

मंदिर की ओर से जारी संदेश में कहा गया, “वर्तमान हालात को देखते हुए सोमवार से 9 मार्च तक मंदिर आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा। इस दौरान स्वामी सभी की शांति, सुरक्षा और कल्याण के लिए मंदिर परिसर में प्रार्थना करते रहेंगे।”

खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों पर हमले

ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर खाड़ी क्षेत्र में साफ दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों को निशाना बना रहा है। लगातार हो रहे हमलों के कारण कई देशों ने एहतियातन अपने एयरस्पेस को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।

यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, हमलों की शुरुआत से अब तक उसकी सेना 165 बैलिस्टिक मिसाइलों, दो क्रूज मिसाइलों और 541 ड्रोन हमलों का सामना कर चुकी है। इन हमलों में 58 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है।

अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने 1 मार्च 2026 को बयान जारी कर कहा कि उसे भारतीय नागरिक के घायल होने की जानकारी है और वह अस्पताल प्रशासन के संपर्क में है।

पीएम मोदी ने किया था उद्घाटन

अबू धाबी में बना यह भव्य हिंदू मंदिर 27 एकड़ (करीब 11 हेक्टेयर) क्षेत्र में फैला है। साल 2018 में यूएई दौरे के दौरान प्रधानमंत्री Narendra Modi ने इसके निर्माण की घोषणा की थी। बाद में 14 फरवरी 2024 को उन्होंने स्वयं इस मंदिर का उद्घाटन किया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News