समुद्र के नीचे कांपी धरती, हिंद महासागर में लगे भूकंप के तेज झटके !
punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 12:00 PM (IST)
International Desk: भारतीय महासागर में रविवार सुबह 4.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसकी जानकारी राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने दी। एनसीएस के अनुसार, यह भूकंप सुबह 8:10 बजे आया और इसकी गहराई केवल 10 किलोमीटर थी। भूकंप का केंद्र समुद्र में 1.806° उत्तर अक्षांश और 94.924° पूर्व देशांतर पर स्थित था। विशेषज्ञों के अनुसार, उथले (शैलो) भूकंप आमतौर पर ज्यादा खतरनाक होते हैं, क्योंकि उनकी ऊर्जा सीधे सतह तक पहुंचती है, जिससे जमीन में तेज कंपन महसूस हो सकता है।
हालांकि इस बार किसी बड़े नुकसान या सुनामी की खबर सामने नहीं आई है। यह घटना 2004 के विनाशकारी भूकंप और सुनामी की याद दिलाती है। 2004 सुमात्रा-अंडमान भूकंप और सुनामी ने पूरे क्षेत्र में भारी तबाही मचाई थी, जिसमें 14 देशों में करीब 2.3 लाख लोगों की जान चली गई थी। वैज्ञानिक लगातार इस क्षेत्र पर नजर बनाए हुए हैं, क्योंकि यह इलाका टेक्टोनिक प्लेट्स के सक्रिय क्षेत्र में आता है, जहां भूकंप की संभावना बनी रहती है।
