Liver Failure: लिवर फेल होने से पहले दिखते हैं ये लक्षण, शराब के शौकीन भूलकर भी न करें नजरअंदाज

punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 11:18 AM (IST)

नेशनल डेस्क: शराब का सबसे ज्यादा असर हमारे लिवर पर पड़ता है। लगातार या लंबे समय तक अल्कोहल लेने से लिवर की कोशिकाएं धीरे-धीरे खराब होने लगती हैं। शुरुआत में इसके संकेत हल्के होते हैं, लेकिन समय रहते ध्यान न दिया जाए तो यही समस्या आगे चलकर लिवर सिरोसिस और लिवर फेलियर जैसी गंभीर बीमारी का कारण बन सकती है।

भले ही कोई व्यक्ति कम मात्रा में या कभी-कभार शराब पीता हो, फिर भी यह लिवर के लिए नुकसानदायक मानी जाती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार शरीर कुछ शुरुआती संकेत देता है, जिन्हें नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। आइए जानते हैं ऐसे ही तीन अहम लक्षण, जिनके दिखने पर शराब से दूरी बनाना बेहद जरूरी है।

सुबह उठते ही भारीपन और कमजोरी महसूस होना
अगर रात में थोड़ी भी शराब पीने के बाद सुबह उठते ही सिर भारी लगे, शरीर में ऊर्जा की कमी महसूस हो, काम करने का मन न करे या उल्टी-उबकाई जैसी समस्या हो रही हो, तो यह सामान्य नहीं है। इसके साथ अगर शरीर दर्द, कमजोरी और थकान बनी रहती है, तो यह संकेत हो सकता है कि लिवर ठीक से काम नहीं कर पा रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक यह लिवर डिसफंक्शन या शुरुआती लिवर फेलियर की ओर इशारा कर सकता है। ऐसे में शराब का सेवन तुरंत बंद करना जरूरी है।


पेट से जुड़ी समस्याओं का लगातार बढ़ना
शराब का सीधा असर पाचन तंत्र पर भी पड़ता है। अगर बार-बार पेट दर्द, गैस, उल्टी, पेट भारी रहना, खट्टी डकार या मतली जैसी दिक्कतें हो रही हैं, तो यह इस बात का संकेत है कि अल्कोहल आंतों और लिवर दोनों को नुकसान पहुंचा रहा है। लंबे समय तक ऐसी समस्याओं को नजरअंदाज करने से लिवर और गट हेल्थ दोनों बिगड़ सकती हैं। इसलिए पेट की परेशानी बढ़ने पर शराब को पूरी तरह छोड़ना ही बेहतर विकल्प है।


नींद का बार-बार टूटना और बिना शराब नींद न आना
अगर रात में नींद बार-बार टूटती है, गहरी नींद नहीं आती, सुबह उठने पर थकान बनी रहती है या बिना शराब पीए नींद ही नहीं आती, तो यह खतरे की घंटी है। यह स्थिति दर्शाती है कि शरीर शराब पर निर्भर होने लगा है। नींद से जुड़ी यह समस्या धीरे-धीरे मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य दोनों को नुकसान पहुंचा सकती है। ऐसे में तुरंत अल्कोहल इनटेक कम या बंद करना जरूरी है।


क्यों जरूरी है समय रहते कदम उठाना
लिवर हमारे शरीर का बेहद अहम अंग है, जो खून साफ करने से लेकर पाचन में मदद करता है। जब लिवर खराब होने लगता है तो इसका असर पूरे शरीर पर दिखाई देता है। इसलिए अगर ऊपर बताए गए लक्षण नजर आएं, तो इसे हल्के में न लें। समय पर शराब छोड़ने से लिवर को खुद को ठीक करने का मौका मिल सकता है और गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लेना भी बेहद जरूरी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News