क्या ज्यादा प्रोटीन सप्लीमेंट लेने से खराब हो सकता है लिवर? एक्सपर्ट्स ने किया बड़ा खुलासा
punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 01:09 PM (IST)
नेशनल डेस्क: हाल ही के समय में फिट रहने और मसल्स बनाने के शौक के चलते प्रोटीन सप्लीमेंट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। जिम जाने वाले, एथलीट और मसल्स जल्दी बनाने के शौकीन लोग इसे अपनी डाइट में शामिल कर रहे हैं। प्रोटीन शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व है, जो मसल्स को मजबूत बनाने, टिशू रिपेयर करने और इम्यूनिटी को बेहतर करने में मदद करता है। लेकिन जरूरत से ज्यादा प्रोटीन सप्लीमेंट लेने से शरीर पर दबाव पड़ सकता है और इसके कई साइड इफेक्ट्स भी हो सकते हैं।
लिवर पर असर
दिल्ली के जीटीबी हॉस्पिटल की पूर्व डायटिशियन डॉ. अनामिका गौर का कहना है कि सामान्य मात्रा में प्रोटीन सप्लीमेंट लेना सुरक्षित होता है, अगर लिवर स्वस्थ है।लेकिन लंबे समय तक ज्यादा प्रोटीन सप्लीमेंट लेने से मेटाबॉलिक प्रक्रियाओं पर दबाव बढ़ता है, जिससे लिवर के कामकाज पर असर पड़ सकता है। खासकर वे लोग जिनका लिवर पहले से कमजोर है, उन्हें अधिक सावधानी बरतनी चाहिए। इसके अलावा, कई सप्लीमेंट्स में फ्लेवर, प्रिज़र्वेटिव और एडिटिव्स होते हैं, जो लिवर के लिए अनुकूल नहीं होते। हाई डोज बिना एक्सपर्ट की सलाह के लेना जोखिम बढ़ा सकता है।
शरीर पर साइड इफेक्ट्स
ज्यादा प्रोटीन सप्लीमेंट लेने पर शरीर कुछ संकेत देता है। पेट से जुड़ी समस्याएं: गैस, कब्ज, अपच, डायरिया, बार-बार प्यास लगना, थकान और सिरदर्द, वजन में असंतुलन लंबे समय तक अधिक सेवन करने से किडनी पर भी दबाव पड़ सकता है, जिससे पेशाब से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे लक्षण लगातार नजर आएं तो तुरंत विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है।
सही मात्रा कितनी है?
प्रोटीन की जरूरत हर व्यक्ति के लिए अलग होती है, यह वजन, उम्र और शारीरिक एक्टिविटी पर निर्भर करता है। सामान्य तौर पर एक स्वस्थ व्यक्ति के लिए रोजाना 0.8 से 1 ग्राम प्रति किलो वजन के अनुसार प्रोटीन पर्याप्त माना जाता है। जो लोग नियमित वर्कआउट या भारी मेहनत करते हैं, उन्हें थोड़ी ज्यादा मात्रा की जरूरत हो सकती है। सप्लीमेंट लेने से पहले यह जरूर समझें कि आपकी डाइट से कितना प्रोटीन मिल रहा है। जरूरत से ज्यादा सप्लीमेंट लेने से बचें और हमेशा डॉक्टर या न्यूट्रिशन एक्सपर्ट की सलाह के अनुसार ही इसका सेवन करें।
