Janhvi Kapoor On Periods: ''न्यूक्लियर वॉर हो जाता, अगर मर्दों को पीरियड्स होते'', जाह्नवी कपूर ने ये क्या बोल दिया, जानें सबकुछ

punjabkesari.in Saturday, Apr 19, 2025 - 11:34 PM (IST)

नेशनल डेस्क: बॉलीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर ने हाल ही में एक इंटरव्यू में पीरियड्स से जुड़ी मानसिक और शारीरिक चुनौतियों पर खुलकर बात की। उन्होंने न सिर्फ इस दर्द को शब्दों में बयान किया, बल्कि मर्दों की सोच पर भी करारा तंज कसा। हाउटरफ्लाई को दिए एक इंटरव्यू में जाह्नवी ने बताया कि कैसे पीरियड्स के दौरान महिलाएं ना सिर्फ शारीरिक तकलीफ बल्कि भावनात्मक उथल-पुथल से भी गुजरती हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई महिला गुस्से में है या अपनी बात रखने की कोशिश कर रही है, तो अक्सर पुरुष इसे “महीने का वो समय” कहकर टाल देते हैं। “अगर मैं बहस कर रही हूं या अपनी बात रख रही हूं और आप पूछते हो कि क्या ये महीने का वो समय है... लेकिन जब आप परेशान हों तो हम कहते हैं – क्या आपको एक मिनट चाहिए? क्या ये महीने का वो समय है?”

"न्यूक्लियर वॉर हो जाता, अगर मर्दों को होते पीरियड्स"

जाह्नवी यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने आगे कहा कि पुरुष कभी पीरियड्स के दर्द और मूड स्विंग्स को झेल ही नहीं सकते। उनका कहना था: "हमारे हार्मोन जिस तरह बेकाबू हो जाते हैं, और जो दर्द हम झेलते हैं... अगर मर्दों को एक मिनट के लिए भी ये महसूस होता, तो वो बिल्कुल पागल हो जाते। पता नहीं कौन सा न्यूक्लियर वॉर हो जाता।"

पीरियड्स का मज़ाक नहीं, समझ चाहिए

जाह्नवी कपूर ने यह भी साफ किया कि हर महिला को इस समय के दौरान इमोशनल और फिजिकल सपोर्ट की ज़रूरत होती है। लेकिन दुख की बात है कि अक्सर इसे मज़ाक बना दिया जाता है या "नखरे" कहकर नजरअंदाज किया जाता है।

सोशल इशूज पर बोलने से नहीं डरतीं जाह्नवी

यह पहली बार नहीं है जब जाह्नवी कपूर ने किसी संवेदनशील मुद्दे पर अपनी बात रखी हो। वे पहले भी मेंटल हेल्थ, बॉडी इमेज और महिलाओं की चुनौतियों जैसे विषयों पर खुलकर बात कर चुकी हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके विचारों को सपोर्ट करने वाले फैंस की संख्या लगातार बढ़ रही है।

जाह्नवी कपूर का फिल्मी सफर

वर्कफ्रंट की बात करें तो जाह्नवी आखिरी बार नजर आई थीं फिल्म 'देवारा – पार्ट 1' में। आने वाले समय में वे वरुण धवन के साथ ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ में दिखेंगी। इसके अलावा सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ ‘परम सुंदरी’ और राम चरण के साथ फिल्म ‘पेड्डी’ भी उनके पाइपलाइन में हैं, जो कि 27 मार्च 2027 को रिलीज होने जा रही है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News