5-Star से लेकर सस्ते Hotels तक हमेशा ही क्यों बिछाई जाती है सफेद बेडशीट? जानें इसके पीछे का कारण
punjabkesari.in Friday, Dec 26, 2025 - 10:39 AM (IST)
White Bedsheets in hotel : चाहे आप किसी फाइव स्टार होटल में ठहरें या ट्रेन के एसी कोच में सफर करें आपने एक बात जरूर गौर की होगी बेड पर बिछी चादर हमेशा सफेद (White) ही होती है। रंग-बिरंगी चादरों के दौर में सफेद रंग का यह चुनाव महज इत्तेफाक नहीं है। इसके पीछे गहरी मनोवैज्ञानिक सोच और कई प्रैक्टिकल वजहें छिपी हैं। आइए जानते हैं कि आखिर क्यों सफेद रंग ही हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री की पहली पसंद है।
1. साफ-सफाई का सर्टिफिकेट
सफेद रंग पवित्रता और स्वच्छता का प्रतीक माना जाता है। होटलों में सफेद चादर का सबसे बड़ा कारण गेस्ट के मन में भरोसा पैदा करना है। सफेद एक ऐसा रंग है जिस पर धूल का एक कण या छोटा सा दाग भी तुरंत नजर आ जाता है। जब कोई गेस्ट बिना दाग वाली सफेद चादर देखता है तो उसे मानसिक संतुष्टि मिलती है कि बिस्तर पूरी तरह कीटाणुरहित और नया धोया हुआ है। होटलों में चादरों को थोक में धोया जाता है। सफेद चादरों को ब्लीच (Bleach) करना आसान होता है जिससे वे कीटाणुओं से मुक्त हो जाती हैं और उनकी चमक बरकरार रहती है। रंगीन चादरों के साथ ब्लीच करने पर उनका रंग उड़ने का डर रहता है।
2. मनोवैज्ञानिक शांति और सुकून
मनोवैज्ञानिकों के अनुसार सफेद रंग देखने में आंखों को सुकून देता है और तनाव कम करता है। सफर की थकान के बाद जब गेस्ट कमरे में आता है तो सफेद बेडशीट उसे शांति का अनुभव कराती है। यह रंग मन को शांत कर नींद की गुणवत्ता को बेहतर बनाता है।
3. लक्जरी और प्रीमियम अनुभव
1990 के दशक से पहले होटलों में रंगीन चादरों का चलन था ताकि दाग छिप सकें लेकिन वेस्टिन (Westin) जैसे बड़े होटल चेन ने हेवनली बेड का कॉन्सेप्ट शुरू किया जिसमें सफेद चादरों का इस्तेमाल किया गया। सफेद चादर होटल के कमरे को ज्यादा एस्थेटिक (Aesthetic) और आलीशान बनाती है। इससे कमरा बड़ा और हवादार नजर आता है। यही कारण है कि अब यह एक ग्लोबल स्टैंडर्ड बन चुका है।
4. ब्लीचिंग और हाइजीन का तालमेल
ट्रेनों और होटलों में चादरों को बहुत गर्म पानी और कड़क रसायनों से धोया जाता है। रंगीन कपड़े बार-बार धोने से पुराने दिखने लगते हैं लेकिन सफेद चादरें जितनी बार ब्लीच होती हैं उतनी ही नई जैसी चमकती हैं। इससे होटल मैनेजमेंट को बार-बार नई चादरें खरीदने का खर्च भी नहीं उठाना पड़ता।
5. गेस्ट का भरोसा और ब्रांड वैल्यू
आजकल सफेद चादर गेस्ट की उम्मीद बन गई है। अगर कोई होटल रंगीन या प्रिंटेड चादर बिछाता है तो गेस्ट को उसकी सफाई पर शक होने लगता है। सफेद रंग इस बात का सबूत है कि होटल मैनेजमेंट अपनी हाइजीन (Hygiene) को लेकर बहुत गंभीर है।




