पत्नी के चरित्र पर था शक, तो पति ने उठाया खौफनाक कदम, जानकर दंग रह जाएंगे आप
punjabkesari.in Friday, Sep 29, 2023 - 06:20 AM (IST)

नोएडाः उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्ध नगर की एक अदालत ने एक महिला के चरित्र पर शक होने पर उसके ऊपर तेजाब फेंकने के जुर्म में उसके पति को 10 वर्ष के कारावास सजा सुनाई है।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रणवीर सिंह की अदालत ने आरोपी सोनू को अपनी पत्नी लता पर तेजाब से हमला करने का दोषी पाया और 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई तथा 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।
अधिवक्ता नितिन त्यागी ने बताया कि पीड़िता फेस दो थाना क्षेत्र में स्थित एक फैक्ट्री में काम करती थी और उसके पति सोनू को उसके चरित्र पर शक था। उन्होंने बताया कि 2017 में सोनू ने लता के ऊपर तेजाब फेंक दिया था। उन्होंने बताया कि इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर थाना फेस दो पुलिस ने सोनू को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था।
बता दें इससे दो दिन पहले ग्रेटर नोएडा के दादरी रेलवे चौकी क्षेत्र में स्थित सरस्वती विहार कॉलोनी में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला को गोली मार दी थी। गोली लगने से महिला बुरी तरह घायल हो गई और इलाज के दौरान महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया था। पुलिस ने बताया कि सरस्वती विहार कॉलोनी से दो बाइक सवार बदमाशों द्वारा एक महिला को गोली मारने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम ने घायल महिला को दादरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें नोएडा रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।