शाह ने उद्धव पर 'वोट बैंक' को लेकर तंज कसा, कहा- सिर्फ एक ही शिवसेना है और उसका नेतृत्व...
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 03:25 PM (IST)
नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर तीखा हमला किया और आरोप लगाया कि उद्धव कांग्रेस की गोद में बैठे हैं और घुसपैठियों को वोट बैंक में बदलने की कोशिश कर रहे हैं। शाह ने साथ ही उन्हें चेतावनी दी कि भारत कोई धर्मशाला नहीं है। ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) में संभावित टूट की ओर इशारा करते हुए शाह ने कहा कि पहले लोगों को शिंदे नीत गुट का अलग से ज़िक्र करना पड़ता था लेकिन अब कोई गुट नहीं बचा है और सिर्फ़ एक ही शिवसेना है जिसके प्रमुख एकनाथ शिंदे हैं।''
ये भी पढें- NEET परीक्षा का दबाव नहीं झेल पाया 22 साल का छात्र, परीक्षा से 24 घंटे पहले किया सुसाइड
माना जा रहा है कि शिवसेना (उबाठा) संकट का सामना कर रही है क्योंकि कम से कम छह लोकसभा सांसदों ने ठाकरे के खिलाफ बगावत कर दी है और उनके सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल होने की संभावना है। शाह ने कहा, ''कांग्रेस नेता और कांग्रेस की गोद में बैठे उद्धव जी घुसपैठियों को वोट बैंक में बदलकर अपना अस्तित्व बनाए रखना चाहते हैं। मैं उन्हें स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि यह देश कोई धर्मशाला नहीं है। यहां केवल वही लोग रहेंगे जो इस देश के हैं।'' उन्होंने कहा कि हर घुसपैठिए की पहचान की जाएगी और उसे देश से बाहर निकाला जाएगा।
