Gas Crisis : घर-घर गैस पहुंचाने वाला ही बना कालाबाजारी का मास्टरमाइंड… 50 सिलेंडर जब्त, पिता-पुत्र गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 11:45 PM (IST)

नेशनल डेस्कः दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली में एलपीजी जमाखोरी और रिफिलिंग गिरोह का भंडाफोड़ किया है और इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार कर 50 सिलेंडर तथा अन्य उपकरण जब्त किए हैं। एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने रोहिणी जिले के सुखबीर नगर और रामा विहार क्षेत्रों में समन्वित छापेमारी की, जिसमें घरेलू एलपीजी सिलेंडर के अनधिकृत भंडारण और रिफिलिंग का खुलासा हुआ।

आरोपियों की पहचान कुंवर पाल (55) और उसके बेटे पंकज पाल (21) के रूप में हुई है, दोनों सुखबीर नगर के निवासी हैं। आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने इंडेन के कुल 50 सिलेंडर बरामद किए, जिनमें 29 भरे हुए और 21 खाली सिलेंडर थे।

पुलिस ने बताया कि अवैध व्यापार में इस्तेमाल होने वाला एक टेम्पो और एक तराजू भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, कुंवर पाल एलपीजी गैस एजेंसी में अधिकृत वितरण कर्मी के रूप में काम करता है और रामा विहार क्षेत्र में सिलेंडर के वितरण के लिए जिम्मेदार है। हालांकि, सिलेंडर वितरित करने के बजाय, उसने कथित तौर पर उन्हें अवैध रूप से अपने परिसर में जमा कर लिया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि आरोपी कुछ उपकरणों का इस्तेमाल कर भरे सिलेंडर से खाली सिलेंडर में गैस भरते थे और उन्हें अधिक कीमत पर बाजार में बेच देते थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News