''भ्रष्ट हाथों में है AAP, ईमानदारों के लिए जगह नहीं'', BJP में शामिल होने के बाद राघव चड्ढा का बड़ा हमला

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 05:39 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आम आदमी पार्टी (AAP) के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शनिवार को अपनी पूर्व पार्टी पर तीखा प्रहार किया। भाजपा में शामिल होने के बाद चड्ढा ने आरोप लगाया कि 'आप' अपने मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है और अब वहां सच्चे देशभक्तों और ईमानदार कार्यकर्ताओं के लिए कोई स्थान नहीं बचा है।

डर से नहीं, नफरत के कारण छोड़ी पार्टी

राघव चड्ढा ने उन आरोपों का कड़ाई से जवाब दिया जिसमें 'आप' नेताओं ने कहा था कि उन्होंने डर की वजह से पाला बदला है। चड्ढा ने कहा हमने डर के कारण नहीं, बल्कि 'आप' की कार्यप्रणाली से निराश और घृणित होकर पार्टी छोड़ी है। हर वो व्यक्ति जिसने खून-पसीने से इस पार्टी को सींचा था, वह आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी अब उस गलत रास्ते पर चल पड़ी है, जिससे कोई भी स्वाभिमानी व्यक्ति जुड़ना नहीं चाहेगा।

PunjabKesari

एक साथ 7 सांसदों ने दिया इस्तीफा

चड्ढा ने सामूहिक इस्तीफे को जायज ठहराते हुए बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा रचित संविधान का जिक्र किया। उन्होंने कहा संविधान निर्वाचित सांसदों को यह अधिकार देता है कि यदि उनकी पार्टी भ्रष्ट और समझौतावादी हाथों में चली जाए, तो वे उसे छोड़ सकते हैं। यही कारण है कि हम एक-दो नहीं, बल्कि 7 सांसद एक साथ पार्टी छोड़ रहे हैं।"

बीजेपी में शामिल हुए ये नेता

राघव चड्ढा के साथ संदीप पाठक, अशोक मित्तल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, विक्रमजीत सिंह साहनी और स्वाति मालीवाल ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है।

PunjabKesari

शीश महल पार्ट 2 पर भी कसा तंज

राघव चड्ढा ने अरविंद केजरीवाल के नए आवास को लेकर चल रहे विवाद पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 'शीश महल पार्ट 2' की तस्वीरें सामने आई हैं। जब पहला शीश महल बना था, तभी पार्टी की छवि खराब हो गई थी और दिल्ली चुनाव में हार का सबसे बड़ा कारण वही था। लेकिन एक साल के भीतर ही दूसरा आलीशान महल बनकर तैयार हो गया, जो बेहद शर्मनाक है।"

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Radhika

Related News