पाकिस्तान की टीम को मिलेगी सजा! वर्ल्ड कप की हार के बाद PCB लेने जा रहा है बड़ा एक्शन

punjabkesari.in Wednesday, Oct 22, 2025 - 08:10 PM (IST)

नेशनल डेस्क: आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 में पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है। टीम अब तक एक भी मैच नहीं जीत पाई, और साउथ अफ्रीका के खिलाफ 150 रनों की करारी हार के बाद वह सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई है। अब पाकिस्तान का आखिरी मुकाबला 24 अक्टूबर को कोलंबो में श्रीलंका से होना है, लेकिन उससे पहले ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने सख्त कदम उठाने की तैयारी कर ली है।

PCB एक्शन मोड में

टीम के लगातार खराब प्रदर्शन के बाद PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने पूरी टीम की समीक्षा के आदेश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि टीम मैनेजमेंट और रणनीतियों की गहराई से जांच की जाएगी- और बड़े बदलावों की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। नकवी के इस फैसले ने टीम कैंप में हलचल मचा दी है। खास बात यह है कि PCB की महिला शाखा की प्रमुख राफिया हैदर, जो लाहौर की पूर्व डिप्टी कमिश्नर और पेशे से नौकरशाह हैं, को क्रिकेट का कोई अनुभव नहीं है, और अब उन्हीं के रोल पर भी सवाल उठने लगे हैं।

हार की कहानी- एक के बाद एक झटके

पाकिस्तान ने अब तक 6 मुकाबले खेले हैं-

  • 4 मैचों में हार,
  • और 2 मैच बारिश के कारण रद्द हुए।

टीम को शुरुआत में बांग्लादेश ने 7 विकेट से हराया, फिर भारत ने 88 रन से रौंदा, इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने 107 रन से मात दी। इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला बारिश में धुल गया, लेकिन उस मैच में पाकिस्तान जीत की स्थिति में था। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच भी बारिश से रद्द हुआ, और अंत में साउथ अफ्रीका ने 150 रन से हराकर पाकिस्तान का अभियान खत्म कर दिया।

पूर्व कप्तान की कड़ी टिप्पणी

पाकिस्तान की पूर्व कप्तान जावेरिया खान ने टीम की बल्लेबाजी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, “हमारे बल्लेबाज नहीं चल पाए, जबकि गेंदबाजों ने भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसी टीमों को भी मुश्किल में डाला। लेकिन हम काम पूरा नहीं कर सके। मुझे लगता है कि बांग्लादेश से शुरुआती हार ने खिलाड़ियों का आत्मविश्वास तोड़ दिया।”


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News